चक्रवात ‘अर्नब’ के बीच NH-930 पर गिरा पेड़, प्रशासन ने तत्काल शुरू किया हटाने का काम; मौके पर अधिकारी तैनात
बालोद, 29 अक्टूबर 2026। चक्रवात ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव और खराब मौसम की आशंका को देखते हुए बालोद जिला प्रशासन सतर्क है। इसी बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-930 पर जमरूवा गांव से करीब 300 मीटर पहले किलोमीटर 26/2 पर सड़क के बाईं ओर पेड़ गिरने की सूचना मिली। इसके बाद प्रशासन ने पेड़ हटाने और यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए तत्काल कार्रवाई शुरू की।
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग और राजस्व विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर संयुक्त रूप से कार्रवाई कर रही हैं। मौके पर राष्ट्रीय राजमार्ग के एसडीओ अनिल छारी, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ दिनेश कुमार महेश्वरी, राजस्व विभाग के तारसिंह खरे और अतिरिक्त तहसीलदार अनिरुद्ध धनेलिया सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद हैं।
प्रशासन के अनुसार, फिलहाल मार्ग पर आवागमन सुचारू रूप से जारी है। संभावित चक्रवात और प्रतिकूल मौसम को देखते हुए सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर निगरानी रखी जा रही है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों और राहगीरों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक जोखिम से बचने और मौके पर तैनात अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।


