सोनभद्र। हेरोइन तस्करी के बड़े नेटवर्क पर सोनभद्र पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मामले में वांछित अभियुक्त मोहम्मद वकील को जनपद बाराबंकी से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, वकील की भूमिका तस्करी नेटवर्क को वित्तीय सहायता देने और अवैध हेरोइन की आपूर्ति में मदद करने वाले कथित फाइनेंसर के रूप में सामने आई है।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में थाना चोपन और साइबर थाना की टीम ने यह गिरफ्तारी की। अभियुक्त को 28 अक्टूबर 2026 को दोपहर 2:10 बजे बाराबंकी के थाना जैदपुर क्षेत्र के ग्राम टिकरा मुर्तजा से पकड़ा गया।
पुलिस के मुताबिक, 17 अगस्त 2026 को थाना चोपन पुलिस और एसओजी टीम ने वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर दो लग्जरी वाहनों के साथ पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया था। इस कार्रवाई में 1 किलो 204 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई थी।
इस मामले में थाना चोपन पर मुकदमा संख्या 0319/2026, धारा 8/21/27(ए)/29/60 एनडीपीएस एक्ट तथा धारा 111(2)(बी), 111(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस को आरोप है कि लखनऊ और बाराबंकी से थोक में हेरोइन लाकर सोनभद्र के विभिन्न क्षेत्रों में फुटकर बिक्री की जाती थी।
पुलिस के अनुसार, बाराबंकी निवासी मोहम्मद वकील पुत्र मोहम्मद शकील नेटवर्क को पैसा उपलब्ध कराने और हेरोइन की आपूर्ति में सहयोग करने का आरोपी है। गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बाराबंकी भेजी गई थी।
गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि वकील के नाम लखनऊ पूर्वी के थाना चिल्हट में एनडीपीएस एक्ट से जुड़ा एक और मामला तथा बाराबंकी में जुआ अधिनियम का मामला भी दर्ज है।
इस कार्रवाई में साइबर थाना सोनभद्र के उपनिरीक्षक आशीष पटेल, थाना चोपन के हेड कांस्टेबल वीरेन्द्र सरोज और साइबर थाना के हेड कांस्टेबल राजेश यादव शामिल थे।
पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी कार्रवाई जारी रखी जाएगी।
