वाराणसी से प्रवीण मिश्रा की रिपोर्ट।
इंडियन टीवी न्यूज नैशनल
वाराणसी। चेतगंज का ऐतिहासिक नक्कटैया मेला गुरुवार को भक्ति, उत्साह और परंपरा के बीच संपन्न हुआ। बारिश के बावजूद मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। चेतगंज में भगवान श्रीराम के रथ के समीप सुपर्णखा की नाक काटने की लीला का मंचन किया गया। रामायण के इस प्रसंग को देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
लीला के बाद सुपर्णखा की झांकी मलदहिया स्थित पटेल चौराहे से होते हुए चेतगंज थाने के समीप पहुंची। यहां चेतगंज रामलीला समिति की ओर से नक्कटैया के आकर्षक लाग विमानों का शुभारंभ किया गया। इस वर्ष एयर शो, बाबा नीम करौली और बच्चों पर मोबाइल के दुष्प्रभाव जैसे विषयों पर आधारित लाग विमान विशेष आकर्षण रहे। झांकियों के माध्यम से धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक संदेश दिए गए
समिति के अध्यक्ष अजय गुप्ता बच्चू ने बताया कि नक्कटैया मेले की शुरुआत वर्ष 1888 में स्वर्गीय बाबा फतेह राम ने की थी। अंग्रेजी हुकूमत के दौर में शुरू हुई इस परंपरा के माध्यम से तत्कालीन जनसमस्याओं को प्रतीकात्मक रूप में प्रस्तुत किया जाता था। आज भी लाग विमानों के जरिए सामाजिक सरोकारों को सामने लाने की परंपरा कायम है।
कार्यक्रम में महेंद्र गिरि महाराज, संजीव वर्मा, रमेश दत्त पांडेय, ,पवन श्रीवास्तव,रजत श्रीवास्तव, तनुज पांडेय, मनोज तिवारी सहित समिति के पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
