उरई(जालौन):
जनपद जालौन के थाना कालपी में वरिष्ठ अधिवक्ता गयादीन अहिरवार कल उरई न्यायालय आए थे और वहाँ से वापस कालपी पहुँचकर उन्होंने अपने लड़के को स्टैंड पर बुलाया था। इस दौरान कोई व्यक्ति उनसे मिलने आया और किसी फाइल पर चर्चा करने के बहाने उन्हें अपनी कार में बैठाकर ले गया, जिसमें कुल चार लोग सवार बताये जा रहे है। कुछ देर बाद उनका फोन स्विच ऑफ हो गया।परिजनों द्वारा सूचना दिए जाने पर जनपद जालौन पुलिस तुरंत हरकत में आ गयी। तत्काल पुलिस द्वारा संज्ञान लेते हुए सभी टीमों को लगाया गया। एसपी जालौन सुरेश चन्द्र रावत द्वारा स्वयं रातभर कालपी में रहकर सभी टीमों को निर्देशित किया गया तथा टेक्निकल सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया गया।पुलिस की टीमों द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए रातभर में तीन संदिग्ध लोगों को हिरासत में भी लिया गया। उनकी निशानदेही पर अधिवक्ता गयादीन अहिरवार का शव कानपुर नगर के सचेंडी थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया गया है। पुलिस द्वारा पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम की अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। एसपी ने बताया प्रारंभिक जाँच में एक जमीन का विवाद सामने आया है, जिसके चलते इस घटना को अंजाम दिया जाना संज्ञान में आ रहा है। एसपी ने घटना के अनावरण हेतु पुलिस टीम गठित की है जो मामले की गहराई से छानबीन कर रही है तथा पूछताछ कर कार एवं अन्य साक्ष्यों की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
(अनिल कुमार ओझा, ब्यूरो प्रमुख,ITN news)
