दिव्यांगजनों के उत्पादों की प्रदर्शनी व दीपावली मेले का शुभारंभ
गोण्डा।। जनपद के पन्तनगर स्थित प्रकाश मैरिज हाल में मंगलवार को दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग एवं बाबा बद्रीदास जन कल्याण सेवा संस्था के संयुक्त तत्वावधान में दिव्यांगजनों द्वारा निर्मित उत्पादों की दो दिवसीय प्रदर्शनी एवं दीपावली मेला-2026 का शुभारंभ जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने किया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न स्टालों का अवलोकन कर मिट्टी के दीये, मोमबत्ती, अगरबत्ती, अचार, मसाले, एलईडी बल्ब, दोना-पत्तल सहित अन्य हस्तनिर्मित उत्पादों की जानकारी ली। उन्होंने स्वयं भी उत्पादों की खरीदारी कर दिव्यांगजनों का उत्साहवर्धन किया। जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसे आयोजनों से दिव्यांगजनों को अपने हुनर का प्रदर्शन करने और उत्पादों की बिक्री के जरिए आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलता है। आमजन को भी उनके उत्पादों की खरीदारी कर प्रोत्साहित करना चाहिए।
कार्यक्रम में महिला दिव्यांग लाभार्थियों को मोटराइज्ड साइकिल वितरित की गई। वहीं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विभागीय योजनाओं एवं सरकारी सुविधाओं की जानकारी देकर लोगों को जागरूक किया गया।
इस अवसर पर जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी माधवी पाण्डेय, जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्य प्रकाश सिंह, बीएसए अमित सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
