गुंडरदेही में चाकू लहराकर राहगीरों को डराने वाला सूचीबद्ध बदमाश गिरफ्तार, दो चाकू और बाइक जब्त
बालोद, 3 नवंबर 2026। गुंडरदेही में चंडी मंदिर के पास धारदार चाकू लहराकर राहगीरों को भयभीत करने के आरोप में पुलिस ने एक सूचीबद्ध गुंडा-बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से दो धारदार चाकू और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है। जब्त सामान की कुल अनुमानित कीमत 70 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 2 नवंबर को गश्त के दौरान सूचना मिली कि चंडी मंदिर के पास एक व्यक्ति मोटरसाइकिल क्रमांक CG 08 AK 1992 में चाकू लेकर घूम रहा है और उसे लहराकर राहगीरों को डरा रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा।
आरोपी की पहचान संस्कार सोनी (23), पिता मनेश सोनी, निवासी वार्ड क्रमांक 03, बघमरा, थाना गुण्डरदेही, जिला बालोद के रूप में हुई है। पुलिस ने तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल से एक चाकूनुमा हथियार और आरोपी की कमर में छिपाकर रखा गया एक अन्य धारदार चाकू बरामद किया। आरोपी हथियार रखने के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने दोनों चाकू और मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी के खिलाफ थाना गुण्डरदेही में अपराध क्रमांक 376/2026, धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी थाना क्षेत्र का सूचीबद्ध गुंडा-बदमाश है।
कार्रवाई में सउनि आत्माराम धनलिया, प्रधान आरक्षक यशवंत जांगड़े, आरक्षक पंकज तारम और आरक्षक यशवंत देशमुख सहित थाना गुण्डरदेही पुलिस स्टाफ की भूमिका रही। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकांत गवर्ना और एसडीओपी श्रुति सिंह के मार्गदर्शन में की गई।




