कसौली (सुंदरलाल संवाददाता)।
कसौली उपमंडल के अंतर्गत ग्राम पंचायत जंगेशु में स्थित मोरपेन उद्योग ने पिछले कई वर्षों से पंचायत क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के लिए लाखों रुपये का आर्थिक सहयोग प्रदान कर सामाजिक उत्तरदायित्व की मिसाल पेश की है। यह बात धर्मपुर पंचायत समिति की सदस्य रेणु बाला ने कही।
रेणु बाला ने बताया कि मोरपेन उद्योग ने जहां स्थानीय जरूरतमंद युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए हैं, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि उद्योग प्रबंधन लगातार पंचायत के विकास कार्यों में सहयोग करता आ रहा है, जिससे ग्रामीण जनता को विभिन्न सुविधाओं का लाभ मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि मोरपेन कंपनी ने शिक्षा के क्षेत्र में भी लाखों रुपये खर्च कर सरकारी शिक्षण संस्थानों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने में सहयोग दिया है। हाल ही में ग्राम थारूगढ़ के राजकीय प्राथमिक विद्यालय के खेल मैदान के चारों ओर फेंसिंग एवं बाड़बंदी का कार्य भी कंपनी के सहयोग से करवाया गया है। इससे विद्यालय के बच्चों को सुरक्षित वातावरण में खेलकूद गतिविधियों में भाग लेने की सुविधा मिलेगी।
रेणु बाला ने बताया कि उद्योग केवल विकास कार्यों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि गरीब, असहाय एवं बेसहारा महिलाओं को पेंशन के रूप में आर्थिक सहायता भी प्रदान कर रहा है। इसके अतिरिक्त ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों की सुविधा के लिए पशु चिकित्सा शिविरों का आयोजन भी करवाया गया है, जिससे पशुपालकों को अपने पशुओं का उपचार करवाने में सहायता मिली है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित उद्योगों का दायित्व केवल उत्पादन और रोजगार उपलब्ध करवाना ही नहीं, बल्कि आसपास के गांवों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में भागीदारी निभाना भी है। मोरपेन उद्योग इस दिशा में लगातार सहयोग कर रहा है।
रेणु बाला ने प्रदेश सरकार से मांग की कि ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले मोरपेन जैसे उद्योगों को राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाना चाहिए। इससे अन्य औद्योगिक इकाइयों को भी ग्रामीण विकास कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की प्रेरणा मिलेगी।
उन्होंने ग्राम पंचायत जंगेशु की जनता की ओर से मोरपेन उद्योग के प्रबंध निदेशक संजय सूरी तथा उद्योग प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए आशा जताई कि भविष्य में भी कंपनी पंचायत के विकास एवं जनकल्याण कार्यों में इसी प्रकार सहयोग करती रहेगी।
