बरेली।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने आज कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन के दौरान आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जनता दर्शन में प्रार्थी श्री महेन्द्र सिंह पुत्र श्री हेतराम, निवासी ग्राम परौरा, तहसील मीरगंज द्वारा रफियाबाद स्थित राजकीय गौशाला में दिनांक 16 जुलाई 2026 को आपूर्ति किए गए चारे के कुल ₹22,050 के भुगतान लंबित होने के संबंध में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया। प्रार्थी ने बताया कि काफी समय से भुगतान न होने के कारण उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
पीड़ित व्यक्ति द्वारा समस्या को बताते हुए कहा गया कि वह इतना परेशान है कि आज आत्मदाह की दृष्टि से बोतल में पेट्रोल भी लेकर आया है, प्रकरण का तत्काल संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने मानवीय संवेदनशीलता एवं सहृदयता का परिचय दिया। त्योहार के दृष्टिगत प्रार्थी को अपने स्तर से ₹23,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की, ताकि उसे तत्काल राहत मिल सके। इसके अतिरिक्त प्रार्थी की आर्थिक स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी ने पीड़ित व्यक्ति को सेमीखेड़ा शुगर मिल में दैनिक भत्ते पर आधारित रोजगार दिलवाने के निर्देश दिए, जिससे उसे आजीविका का साधन उपलब्ध हो सके और परिवार के भरण-पोषण में सहायता मिल सके।
जिलाधिकारी ने संबंधित खंड विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि प्रकरण की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करते हुए तीन दिन के अंदर लंबित भुगतान के संबंध में कार्यवाही पूर्ण की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसामान्य की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता दर्शन में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ उसका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि जरूरतमंद एवं पात्र व्यक्तियों को समयबद्ध राहत उपलब्ध हो सके।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़
जिला संवाददाता बरेली
