हरदोई। जिला अध्यक्ष क्षत्रिय करणी सेना हरदोई राजा ठाकुर जरौआ के नेतृत्व में आज संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे।
मामला सुरसा थाना क्षेत्र के निवासी रितेश पासी और सूरज पासी के बीच हुए आपसी विवाद से जुड़ा है। आरोप है कि इस व्यक्तिगत विवाद को लेकर टड़ियावां में आयोजित एक जनसभा के मंच से रितेश पासी द्वारा सर्व ठाकुर एवं ब्राह्मण समाज को लेकर जातिसूचक एवं अपमानजनक शब्दों का सार्वजनिक रूप से प्रयोग किया गया, जिससे दोनों समाजों में नाराजगी व्याप्त है।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए क्षत्रिय करणी सेना हरदोई के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर संबंधित अधिकारियों को शिकायती प्रार्थना पत्र सौंपा।
संगठन की ओर से हरदोई शहर क्षेत्राधिकारी, जिनके क्षेत्राधिकार में सुरसा थाना आता है, तथा क्षेत्राधिकारी हरियावां, जिनके क्षेत्राधिकार में टड़ियावां थाना आता है, को अलग-अलग प्रार्थना पत्र देकर मामले में शीघ्र एवं निष्पक्ष जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
संगठन ने मांग की कि मामले में तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए तथा संबंधित व्यक्ति द्वारा सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए वीडियो जारी किया जाए, जिससे दोनों समाजों के बीच आपसी सौहार्द, भाईचारा एवं शांति बनी रहे।
इस दौरान श्री रमाकांत मिश्रा, देवेंद्र सिंह, लक्ष्मीकांत द्विवेदी, उर्वेश सिंह, करनवीर सिंह, योगेंद्र सिंह सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। मामले को लेकर उपस्थित लोगों में काफी आक्रोश देखने को मिला।
क्षत्रिय करणी सेना ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द से जल्द निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि समाज में शांति एवं कानून व्यवस्था बनी रहे।
ITN NATIONAL NEWS
SHIVAM SHUKLA
