सोनभद्र ।आज शुक्रवार को धनतेरस एवं आगामी दीपावली, भैया दूज तथा छठ पर्व के दृष्टिगत जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सोनभद्र श्री अभिषेक वर्मा द्वारा अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सुश्री मेविस टॉक, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा एवं पर्याप्त पुलिस बल के साथ थाना रॉबर्ट्सगंज क्षेत्रान्तर्गत प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया।पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा बाजारों में भ्रमण कर व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित किया गया तथा त्योहारों को आपसी सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई। साथ ही व्यापारियों को सुरक्षा के दृष्टिगत अपनी दुकानों एवं प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे सुचारु रखने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने हेतु जागरूक किया गया।विशेष रूप से सर्राफा एवं ज्वेलरी की दुकानों का निरीक्षण कर दुकानदारों को सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों को क्रियाशील रखने, प्रवेश एवं निकास द्वार पर सतर्क निगरानी रखने तथा नकदी एवं कीमती आभूषणों के सुरक्षित रख रखाव के संबंध में आवश्यक सावधानियां बरतने हेतु निर्देशित किया गया।इस दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने, बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर निरंतर गश्त करने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने तथा यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए।इसी क्रम में जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारीगण एवं थाना प्रभारीगण द्वारा भी अपने-अपने सर्किल एवं थाना क्षेत्रों के प्रमुख बाजारों में सक्रिय रहकर धनतेरस पर्व के दृष्टिगत पुलिस बल के साथ निरंतर पैदल गश्त की जा रही है। बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए व्यापारियों एवं आमजन से संवाद स्थापित किया जा रहा है तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखी जा रही है। जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।
