हरदोई में शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गुड़गांव से हरदोई लौट रहे परिवार की कार बिलग्राम क्षेत्र में जफरपुर पुलिया के पास अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। हादसे में पति-पत्नी और उनके तीन माह के मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि कार सवार एक युवक सुरक्षित बच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से सभी को नहर से बाहर निकाला।
दरअसल, घटना शुक्रवार सुबह करीब चार बजे की है। बिलग्राम थाना क्षेत्र के जफरपुर पुलिया के पास डायल-112 पर कार नहर में गिरने की सूचना मिली थी। बताया जा रहा है कि कार संख्या UP32JP3118 में चार लोग सवार थे, जो गुड़गांव से हरदोई स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान शाहपुर मोड़ के करीब कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी
हादसे की सूचना मिलते ही पीआरवी और स्थानीय पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कार सवार सभी लोगों को नहर से बाहर निकाला। हादसे में आदित्य सिंह सुरक्षित बच गए, जबकि रमेश, उनकी पत्नी नीलम और तीन माह का मासूम गंभीर हालत में एंबुलेंस से जिला अस्पताल कन्नौज भेजे गए। जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
तीन लोगों की मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतक रमेश, उनकी पत्नी नीलम और मासूम बच्चा हरदोई के सुरसा थाना क्षेत्र के सर्रा गांव के निवासी थे। फिलहाल कन्नौज पुलिस पंचायतनामा सहित आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।
पूरे मामले में क्षेत्राधिकारी बिलग्राम रामसूरत सोनकर, ने घटना की जानकारी देते हुए पुलिस की कार्यवाही के संबंध में बयान दिया है ।
फिलहाल पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं।
हरदोई से प्रवीण कुमार की रिपोर्ट
