डिंडोरी में CM शिवराज: उज्ज्वला योजना में लापरवाही बरतने पर मंच से खाद्य अधिकारी को किया सस्पेंड, शहर को मिनी स्मार्ट सिटी बनाने की घोषणा
डिंडोरी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज डिंडोरी के ग्राम हिनोता में आयोजित मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान सीएम अफसरों पर सख्त नजर आए। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना में लापरवाही बरतने पर जिला आपूर्ती अधिकारी टीका राम अहिरवार को मंच से ही निलंबित करने के आदेश दे दिए।
दरअसल, जिला आपूर्ति अधिकारी टीआर अहिरवार ने उज्ज्वला योजना अंतर्गत 70 हजार घरेलू गैस कनेक्शन की जगह मात्र 30 हजार कनेक्शन किये थे। जिससे योजना प्रभावित हो रही थी। सभा के दौरान सीएम ने कलेक्टर से योजनाओं की प्रगति की जानकारी भी ली। इस दौरान ग्रामीण जनता सीएम के इस तेवर को देख बेहद खुश दिखाई दी।
शहर को मिनी स्मार्ट सिटी बनाने की घोषणा की
इससे पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने डिंडोरी शहर में रोड़ शो किया और बस स्टैंड के पास चुनावी सभा को भी संबोधित किया। इस दौरान सीएम ने केंद्र सहित प्रदेश की योजनाओं को गिनाते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। सीएम ने डिंडोरी को मिनी स्मार्ट सिटी बनाने और जिला चिकित्सालय में 100 बिस्तर से बढ़ा कर 300 बिस्तर करने की घोषणा की।