*मा0 मंत्रीगण ने बाढ़ / अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों का किया मुआयना*
*बाढ़/ अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों में युद्ध स्तर पर राहत कार्य किये जाए – मा0 मंत्रीगण*
केसरिया का डेरा में चौपाल लगाकर राहत कार्यों के बारे में प्रभावित लोगों से ली जानकारी

हमीरपुर 19 अक्टूबर 2022
आज मा0 मंत्री सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम ,हथकरघा तथा वस्त्र उद्योग विभाग उत्तर प्रदेश श्री राकेश सचान जी एवं मा0 राज्यमंत्री राजस्व विभाग उत्तर प्रदेश श्री अनूप प्रधान जी ने जनपद में गत दिनों हुई अतिवृष्टि / बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का मुआयना किया ।
इस दौरान मा0 मंत्रीगण ने मेरापुर में बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का मुआयना किया। उन्होंने यमुना नदी में आई बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुई सीसी रोड का मौके पर पहुँचकर मुआयना किया तथा क्षतिग्रस्त हुई सीसी रोड को शीघ्रता के साथ दुरुस्त कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए । उन्होंने कहा कि सीसी रोड का निर्माण मानक के अनुसार गुणवत्ता युक्त बनाई जाए , मजबूती के लिए सरिया आदि का भी प्रयोग किया जाय ताकि वह पुनः क्षतिग्रस्त न हो सके, इसमें किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि पिंचिंग का कार्य भी तत्परता के साथ पूर्ण किया जाए इसमें किसी भी तरह की शिथिलता न बरती जाए।

तत्पश्चात मा0 मंत्रीगण ने अतिवृष्टि / बाढ़ से प्रभावित क्षेत्र केसरिया का डेरा का निरीक्षण कर वहां बाढ़/ अतिवृष्टि से प्रभावित लोगों को आपदा राहत के तहत दी जा रही विभिन्न प्रकार की सहायता आदि के बारे में प्रभावित लोगों से जानकारी ली।
इस दौरान जिलाधिकारी डॉ चंद्र भूषण द्वारा जनपद के अतिवृष्टि/ बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों के बारे में तथा आपदा से निपटने हेतु व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी गयी। ज्ञात हो कि गत माह में यमुना और बेतवा नदी के जलस्तर में अत्यधिक वृद्धि हो जाने के
कारण जनपद हमीरपुर के 114 गांव के 11334 हेक्टेयर भूमि तथा 11250 की जनसंख्या प्रभावित हुई है, जिसमे आबादी वाले 34 ग्राम है। बाढ़ से प्रभावित 3115 परिवारों को खाद्यान्न पैकेट तथा 450 डिग्निटी किट बाढ़ शिविर में ठहरी महिलाओं एवं किशोरियों को एवं 300 तिरपाल वितरित किया गया है। बाढ़ से 2580 हेक्टेयर क्षेत्रफल में 33 प्रतिशत से अधिक की फसल क्षति के सापेक्ष 6712 कृषकों को 15430522 रुपये का कृषि निवेश अनुदान वितरित कर दिया गया है शेष 1461 कृषकों की भुगतान की कार्यवाही की जा रही है। जनपद में बाढ़ से 228 तथा अतिवृष्टि से 2651 प्रभावित/क्षतिग्रस्त मकानों के गृहस्वामियों को कुल 7277600 रुपये का गृह अनुदान वितरित किया गया है, अवशेष 701 परिवारों को राहत सहायता भुगतान की कार्यवाही प्रचलित है । इसी प्रकार जनपद में दैवी आपदा से हुई 38 जनहानि में 15200000 रुपये का तथा 42 पशु हानि में 369000 रुपये की राहत सहायता वितरित किया गया है। गत दिनों हुई भारी बारिश से फसल क्षति का सर्वे कार्य कराया गया जिसमें 3156 कृषकों के 1269.55 हेक्टयर में 33 प्रतिशत से अधिक की फसल क्षति हुई है जिसमें अनुमानित 10914000 रुपये का कृषि निवेश अनुदान वितरण की कार्यवाही की जा रही है।
इस मौके पर मा0 मंत्री श्री राकेश सचान जी ने कहा कि गत दिनों आई बाढ़ एव अतिवृष्टि से
प्रभावित हुए लोगों को त्वरित ढंग से सहायता उपलब्ध कराई जा सके इसके लिए मंत्रीगणों को मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा जनपदों में भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि बाढ़/ आपदा से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत सहायता पहुंचे ताकि उसके प्रभाव को कम किया जा सके। उन्होंने कहा कि आपदा के समय में प्रशासन द्वारा अच्छा कार्य किया गया है तथा प्रभावित लोगों प्रभावी ढंग से मदद पहुंचाई गई है , इस प्रकार के कार्य आगे भी जारी रखे जाय। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त हुई फसलों का तत्काल क्लेम दिलाया जाए तथा क्षतिग्रस्त हुए घरों को मुख्यमंत्री आवास योजना से जोड़कर प्रभावितों को आवास उपलब्ध कराया जाए । उन्होंने कहा कि विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं का सभी पात्र व्यक्तियों तक तत्परता से लाभ पहुंचे । इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कहा कि सरकार गरीबों / पीड़ितों के कल्याण हेतु हर संभव प्रयास कर रही है । कहा कि अतिवृष्टि / बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को शीघ्र दुरुस्त किया जाए, जलभराव आदि को दूर कराया जाए तथा आपदा राहत के अंतर्गत विभिन्न कार्यों को तत्परता से संपादित किया जाए।
इस मौके पर जिलाधिकारी डॉ चंद्र भूषण, पुलिस अधीक्षक श्री शुभम पटेल, बीजेपी जिलाध्यक्ष श्री ब्रज किशोर गुप्ता ,अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व रमेश चंद्र ,अपर जिलाधिकारी न्यायिक डॉ नागेंद्र नाथ यादव ,डीडीओ विकास, एसडीएम व सीओ सदर ,अन्य संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी ,पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
*इंडियन टीवी न्यूज़ से ब्यूरो चीफ हमीरपुर कैलाश चंद्र सोनी*