संवाददाता डी एल सारस्वत
जिला कलैक्टर रुक्मणि रियार ने तैयारियों को लेकर बैठक ली
कैंपों में प्रदेशवासियों को मिलेगी राहत, मौके पर पंजीकरण से मिलेंगे योजनाओं के लाभ
जहां राज्य की जनकल्याणकारी और महंगाई से राहत दिलाने वाली योजनाओं को लेकर राज्य सरकार शहरी वार्डों से लेकर गांवों में 24 अप्रेल से 30 जून तक प्रशासन गांवों/शहरों के संग अभियान के साथ-साथ महंगाई राहत कैंप आयोजित होंगे। इनमें आमजन और वंचित वर्ग को जनोपयोगी घोषणाओं के बारे में जानकारी देकर पात्रता अनुसार योजनाओं से जोड़ा जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन गांवों के संग अभियान और शहरी वार्डों में प्रशासन शहरों के संग अभियान के 2 दिवसीय शिविरों का आयोजन होगा। इन शिविरों में महंगाई राहत कैंप के विशेष काउंटर भी लगाए जाएंगे। जिले में शिविरों के आयोजन को लेकर जिला कलैक्टर श्रीमती रुक्मणि रियार ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक ली। रुक्मणि रियार ने कैंप के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि जिले में कहीं से भी, राज्य का कोई भी व्यक्ति शिविर में संपर्क कर पंजीकरण करा सकता है। शिविर तब तक जारी रहेंगे जब तक हर उस व्यक्ति का पंजीकरण नहीं हो जाता जो पंजीकरण करवाना चाहता है।
जिले के विभिन्न स्थानों पर 80 महंगाई राहत कैंप
जिले में 80 स्थानों पर दो महीनों के लिए महंगाई राहत कैंप लगाए जाएंगे। जिनमें ग्राम पंचायत स्तर पर 7, स्थानीय निकाय स्तर पर 23 सहित कुल 30 मोबाईल कैंप यूनिट और 50 स्थाई कैंप राजकीय अस्पतालों, गैस एजेंसी, बस स्टैंड, प्रमुख बाजारों, शॉपिंग मॉल्स, रेलवे स्टेशन, जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय, पंचायत समिति, नगरपालिका सहित अन्य राजकीय कार्यालयों व सार्वजनिक स्थलों पर लगेंगे। साथ ही ग्रामीण क्षेत्र में प्रत्येक पंचायत समिति स्तर पर प्रशासन गांवों के संग अभियान के साथ एक-एक महंगाई राहत कैंप लगेगा। शहरी क्षेत्र में प्रत्येक नगरपालिका स्तर पर एक, नगरपरिषद स्तर पर 2 महंगाई राहत कैंप लगाए जाएंगे।