नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज ब्यूरो चीफ हजारीबाग
हजारीबाग में पॉटरी और टेराकोटा उत्पादों पर उद्यमिता एवं कौशल विकास कार्यक्रम का आयोजन
हज़ारीबाग : हजारीबाग, मटवारी कुम्हार टोली स्थित हिंदी प्राथमिक विद्यालय में सूक्ष्म एवं लघु मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा पॉटरी और टेराकोटा उत्पादों पर आधारित एक विशेष उद्यमिता सह कौशल विकास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य कुम्हारों और टेराकोटा कारीगरों को अपने उत्पादों के निर्माण और विपणन में निपुण बनाना और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त करना है।
इस कार्यक्रम का आयोजन जन जागरण संस्था द्वारा किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत चयनित लाभार्थियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। जन जागरण के सचिव संजय ने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत कुम्हार समुदाय के लोगों को नए और उन्नत तकनीकों से परिचित कराया जाएगा, जिससे वे अपने उत्पादों की गुणवत्ता और उत्पादन क्षमता में वृद्धि कर सकें। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण से इन लाभार्थियों को अपने व्यवसाय को और अधिक सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में राजेश प्रजापति, जो कि एक प्रतिष्ठित मास्टर डिज़ाइनर हैं, ने टेराकोटा और पॉटरी के क्षेत्र में अपने अनुभव और कौशल को साझा किया। उन्होंने प्रतिभागियों को नए डिज़ाइन और तकनीकों के बारे में प्रशिक्षण दिया, जिससे वे आधुनिक समय की मांग के अनुसार अपने उत्पादों को तैयार कर सकें। साथ ही, शांति देवी, जो इस क्षेत्र की एक अनुभवी डिज़ाइनर हैं, ने भी अपने डिज़ाइन कौशल को साझा करते हुए प्रतिभागियों को नए डिज़ाइन विकसित करने में मदद की।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की नेत्री शैफाली गुप्ता ने प्रशिक्षण स्थल का दौरा किया और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया, जिनकी वजह से इस योजना को धरातल पर उतारा जा सका है। शैफाली गुप्ता ने कहा, “यह कार्यक्रम हमारे कारीगरों के लिए एक सुनहरा अवसर है, जिससे वे अपने पारंपरिक कौशल को आधुनिक तरीकों से और बेहतर बना सकते हैं। सरकार की यह योजना कारीगरों को सशक्त बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।