अब 45 प्लस वालों को घर पहुंचकर टीका लगाएगी कोरोना वैक्सीन वैन
नगर निगम की पहल : उच्च् शिक्षा मंत्री, विधायक और कलेक्टर ने 10 वैनों को दिखाई हरी झंडी
उज्जैन।45 वर्ष और इससे अधिक उम्र वर्ग के ऐसे लोग जो कोरोना वैक्सीन लगवाने से वंचित रह गये हैं उनकी सुविधा के लिये नगर निगम की पहल पर 10 कोरोना वैक्सीन वैन शुरू की गई है। सुबह उच्च शिक्षा मंत्री और कलेक्टर ने वैनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

जिला टीकाकरण विभाग द्वारा कोरोना टीका लगाने का अभियान चरणबद्ध तरीके से चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत पहले फ्रंट लाइन वर्करों को कोरोना टीका लगाया गया। इसके बाद 60 वर्ष और इससे अधिक आयु वर्ग के लोगों को। फिर नंबर आया 45 वर्ष और इससे अधिक व अंत में 18 वर्ष और इससे अधिक आयु वर्ग के लोगों के वैक्सीनेशन का। शहर के 54 वार्डों में वैक्सीनेशन सेंटर खोलकर लोगों को कोरोना टीके लगाये गये लेकिन 45 वर्ष और इससे अधिक उम्र वर्ग के अनेक लोग कोरोना वैक्सीन लगवाने से वंचित रह गये हैं। इनकी सुविधा के लिये नगर निगम की पहल पर 10 वैक्सीन वैन आज से प्रारंभ की गई है। उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव, उज्जैन उत्तर विधायक पारस जैन, कलेक्टर आशीष सिंह, एसपी सत्येन्द्र कुमार शुक्ल, नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने कोठी पैलेस पर खड़ी उक्त वैक्सीन वैनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।