अयोध्या।
जनवादी लेखक संघ,फ़ैज़ाबाद अयोध्या की मासिक गोष्ठी ऐतिहासिक गुलाबबाड़ी उद्यान, फ़ैज़ाबाद में रविवार को संपन्न हुई। बैठक में डॉ विशाल श्रीवास्तव ने सभी सदस्यों को इस बीच जनवादी लेखक संघ की राज्य परिषद और केंद्रीय परिषद की सम्पन्न हुई बैठकों और जनवादी लेखक संघ, उत्तर प्रदेश के कवियों के साझा संकलन ‘जनरव’ के लोकार्पण की गतिविधियों से अवगत कराया। बैठक के मुख्य एजेंडे के रूप में जनपद इकाई के ज़िला सम्मेलन के बारे में विचार किया गया और सर्वसम्मति से यह तय किया गया कि १२ जनवरी, २०२५ को ज़िला सम्मेलन दो सत्रों में आयोजित किया जाएगा, जिसमें एक वैचारिक खुला सत्र और एक सांगठनिक सत्र होगा। इसमें पर्यवेक्षक के रूप में जलेस, उत्तर प्रदेश के सचिव प्रो नलिन रंजन सिंह उपस्थित रहेंगे। बैठक में उत्तर प्रदेश इकाई के लखनऊ में आयोजित होने वाले राज्य सम्मेलन तथा बांदा में आयोजित होने वाले जनवादी लेखक संघ के राष्ट्रीय सम्मेलन के बारे में भी व्यापक विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर जनवादी लेखक संघ, उत्तर प्रदेश के कवियों के साझा संकलन ‘जनरव’ में शामिल कवियों राजीव श्रीवास्तव और पूजा श्रीवास्तव को उनकी प्रति देकर सम्मानित भी किया गया। गोष्ठी के अंत में रचना पाठ का कार्यक्रम हुआ जिसमें सभी उपस्थित सदस्यों ने अपनी ताज़ा रचनाएँ प्रस्तुत कीं। कार्यक्रम का संचालन कर रहे कार्यकारी सचिव मुजम्मिल फ़िदा ने कहा कि हमारी रचनाओं में समय का यथार्थ ज़रूर नुमायाँ होना चाहिए। अध्यक्षता कर रहे मो. ज़फ़र ने गोष्ठी की वैचारिक उपलब्धि और रचनापाठ को सराहा और एक ग़ज़ल पेश की। गोष्ठी में धन्यवाद ज्ञापन संयोजक सत्यभान सिंह जनवादी ने किया। गोष्ठी में डॉ नीरज सिन्हा ‘नीर’, इल्तिफ़ात माहिर, विनीता कुशवाहा, अनिल अग्रवाल, आर एन कबीर, ओमप्रकाश राय, दीपक, महावीर सहित संगठन के सदस्य मौजूद रहे।