खबर सहारनपुर से
सहारनपुर सेंट्रल पार्क कॉलोनी के वासियों ने मूलभूत सुविधाओं के लिए किया प्रदर्शन
सेंट्रल पार्क कॉलोनी के निवासियों ने सोमवार को सहारनपुर विकास प्राधिकरण (एसडीए) का रुख किया और उपाध्यक्ष से मुलाकात कर अपनी समस्याओं का ज्ञापन सौंपा। कालोनी के अध्यक्ष सुभाष त्यागी ने बताया कि कॉलोनाइजर द्वारा प्लॉट बेचते समय किए गए वादे आज तक पूरे नहीं हुए हैं, जिससे कॉलोनी निवासी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं।
कालोनी के निवासी गंदगी से भरी नालियों, खराब सीवरेज व्यवस्था और टूटी सड़कों की समस्याओं से परेशान हैं। कॉलोनाइजर ने एसटीपी प्लांट लगाने और सड़कों व नालियों के निर्माण का वादा किया था, लेकिन अभी तक किसी भी काम की शुरुआत नहीं हुई है। सुभाष त्यागी ने कहा कि कॉलोनाइजर हर बार केवल आश्वासन देकर टालमटोल करता है और कॉलोनी की स्थिति दिन-ब-दिन बदतर होती जा रही है।
उपाध्यक्ष ने कालोनीवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें आश्वासन दिया कि जल्द ही कॉलोनाइजर को नोटिस जारी किया जाएगा। इसके साथ ही, रेरा रीयल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी से भी कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी। उन्होंने कहा, “यदि कॉलोनाइजर समस्याओं का समाधान नहीं करता, तो हमारे पास बंधक रखी गई जमीन की नीलामी कर कालोनी का विकास करवाया जाएगा।”
इस मौके पर बड़ी संख्या में सेंट्रल पार्क कॉलोनी के निवासी प्राधिकरण कार्यालय पहुंचे और अपनी समस्याओं को लेकर नाराजगी व्यक्त की। सभी ने प्राधिकरण से जल्द से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की।
उपाध्यक्ष की कार्रवाई के वादे से कालोनीवासियों को कुछ राहत मिली है, लेकिन वे तब तक संतुष्ट नहीं होंगे जब तक समस्याओं का समाधान जमीन पर दिखने न लगे। कॉलोनीवासी अब प्राधिकरण के कदमों पर नजर बनाए हुए हैं।
रिपोर्ट रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़