उरई, नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर सड़क सुरक्षा माह के अन्तर्गत एक अनूठी पहल की गई। जिले में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए 101 किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला का निर्माण किया गया और सड़क सुरक्षा शपथ भी दिलाई गई। इस अभियान का नेतृत्व जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने किया। उरई के टाउन हॉल से शुरू हुए इस कार्यक्रम में इंदिरा स्टेडियम तक लगभग 3.5 किलोमीटर की मानव श्रृंखला बनाई गई। इसी तरह की श्रृंखलाएं तहसील और ब्लॉक स्तर पर भी बनाई गईं, जिनकी कुल लंबाई 101 किलोमीटर तक पहुंची। श्रृंखला में शामिल छात्र-छात्राओं ने यातायात सुरक्षा से जुड़े स्लोगन प्रदर्शित किए। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने इस अवसर पर कहा कि यह ऐतिहासिक मानव श्रृंखला यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति एक मजबूत संदेश है। उन्होंने विशेष रूप से दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों से सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने की अपील की, उन्होंने इस अभियान के माध्यम से आम जनमानस से कहा कि दोपहिया वाहन चालक हेलमेट का प्रयोग करें और चार पहिया वाहन चालक सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करें ।उन्होंने याद दिलाया कि “घर पर आपके बच्चे इंतजार कर रहे हैं, इसलिए हमेशा अपने परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखें।” जनपद जालौन में सड़क सुरक्षा सप्ताह के अन्तर्गत यातायात विभाग और अधिकारी आम जनमानस को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान चलाकर दुर्घटनाओं को कम करने के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य है कि हम सावधानी और यातायात नियमों के पालन करने से दुर्घटनाओं को रोक सकते हैं । आज के मानव श्रृंखला कार्यक्रम के माध्यम से भी जागरुकता अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में एडीएम संजय कुमार, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, उप जिलाधिकारी नेहा ब्याडवाल, क्षेत्राधिकारी अर्चना सिंह, परिवहन अधिकारी राजेश कुमार सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक और समाजसेवी उपस्थित रहे।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख उरई-जालौन)उ.प्र.