आम जन जल गंगा संवर्धन अभियान से जुड़कर बनाएं जन अभियान – विधायक
संवादाता विकाश विश्वकर्मा शहडोल
रात्रि कालीन चौपाल लगाकर विधायक एवं कलेक्टर ने ग्रामीणों को दिया जल संरक्षण का संदेश
जिले में जल के सरक्षण एवं संवर्धन के लिए 30 जून तक जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है। जल के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए चलाए जा रहे जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत विधायक जयसिंहनगर श्रीमती मनीषा सिंह एवं कलेक्टर डॉ. केदार सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियो एवं अधिकारियों की उपस्थिति में शहडोल जिले के जनपद पंचायत गोहपारू के ग्राम पंचायत भुरसी में अखड़ार नदी के किनारे लोगों को पानी की एक-एक बूंद सहजेने एवं जल का महत्व बताने रात्रि कालीन जन चौपाल लगाई।
जन चौपाल को संबोधित करते हुए विधायक जयसिंहनगर श्रीमती मनीषा सिंह ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान प्रदेश भर में चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत गांव के तालाबों, कुओं, बावड़ियों जैसी अनेक जल संरचाओं की साफ-सफाई एवं उनके जीर्णेाद्धार का कार्य किया जा रहा है। उन्होनें ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि आप सब भी इस अभियान में जड़कर इसे जनअभियान का स्वरूप दें। इस अभियान के तहत विभिन्न प्रकार की जल संरचनाओं की साफ-सफाई एंव जीर्णाद्धार के कार्य में आगे आएं तथा इस अभियान को सफल बनाने में सहभागिता निभाएं। आपने कहा कि इस अखड़ार नदी में हमेशा पानी रहता हैं इस नदी में पानी की कमी नहीं होती है। हम सब को इस नदी को साफ रखना है और इसे बचाना भी है। इस नदी में स्वच्छ पानी रहेगा तों आमजन एवं जानवरों के लिए यह पानी बहुत उपयोगी होगा। नदी के आस-पास के खेतों में सब्जी लगा सकते हैं तथा कई प्रकार की खेती कर नदी के पानी से सिंचाई कर सकते हैं।
जन चौपाल में जल संरक्षण के महत्व को बताते हुए कलेक्टर डॉ केदार सिंह ने कहा कि हमारे जिले में यह अभियान 30 जून 2025 तक चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत जिले के प्रत्येक नगर परिषद, नगरीय निकाय, नगर पंचायत एवं ग्राम पंचायत में यह अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जिले के प्रत्येक जल संरचनाओं की साफ-सफाई का कार्य, गहरी करण का कार्य एवं उनके जीर्णोद्धार का कार्य किया जा रहा हैै। उन्होनें ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि आप सब इस अभियान में जुड़कर अभियान को सफल बनाने में अपनी सहभागिता निभाएं। कलेक्टर ने कहा कि अभियान में प्रत्येक दिन अनकों प्रकार की गतविधियों आयोजित की जा रहीं हैं तथा आम जन तक जल के महत्व एवं जल संरक्षण का संदेश दिया जा रहा है। आपने चौपाल में आए हुए ग्रामीणों से कहा कि आपके जनपद पंचायत गोहपारू में सामूहिक विवाह का भी आयोजन किया जाना है। सामूहिक विवाह में शामिल होने वाले जोड़े अपना आवेदन निर्धारित तिथि तक जमा कर सकते हैं एवं इस सामूहिक विवाह का लाभ ले सकते हैं।
जन चौपाल को उपाध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती फूलवती सिंह, ग्राम पंचायत भुरसी की सरपंच श्रीमती रामकली, उप सरपंच श्री मोहन सिंह ने भी संबोधित किया। जन चौपाल में म.प्र. जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री विवेक पाण्डेय ने पर्यावरण को बचाने हेतु एक प्रेरक गीत भी गाया।
जन चौपाल में प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री नरेन्द्र सिंह धुर्वे, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व जयसिंहनगर श्रीमती प्रगति वर्मा, तहसीलदार गोहपारू श्री दीपक मंडावी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत गोहपारू श्री वेदमणि मिश्रा, ब्लॉक समन्वयक आलोक सोंधिया, मेंटर्स सर्व श्री प्रवीण दुबे,मुकेश पाठक,मनीषा पांडेय ,शालिनी सोनी, सीएमसीएलडीपी के छात्र प्रस्फुटन समिति सदस्य एव ग्रामीण जन उपस्थित रहे।