असीम पाल , ब्यूरो चीफ कांकेर छत्तीसगढ़
पखांजूर, 29 अप्रैल 2025 – मंगलवार की शाम पखांजूर तहसील में आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया। मौसम परिवर्तन के चलते कई स्थानों पर पेड़ों की बड़ी-बड़ी डालियाँ टूटकर गिर गईं, जिससे बिजली के तार क्षतिग्रस्त हो गए और विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, शाम करीब 6 बजे अचानक तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई, जिसने कुछ ही मिनटों में जोर पकड़ लिया। कई इलाकों में पेड़ उखड़ गए और बिजली के खंभों पर गिरी टहनियों ने तारों को तोड़ दिया। इसके चलते पूरे क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति रात्रि भर ठप रही। मजुमदार पेटी वर्कशॉप पिव्ही 40 पुरूषोत्तमनगर पखांजूर के मालिक प्रकाश मजुमदार ने बताया कि बिजली विभाग में शिकायत दर्ज कराई गई है परन्तु बिजली विभाग पखांजूर के ढिलाई के चलते 05 घंटे बाद भी बिजली बहाल नहीं हो पाई है।बिजली नहीं होने से काम करने में बहुत समस्या उत्पन्न हो रही है, पीने का पानी के लिए जद्दोजहद करनी पड़ रही है और ग्राहक वापस लौट रहे हैं इससे आर्थिक नुक़सान पहुंच रहा है।
बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है और जल्द ही विद्युत सेवा बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, क्षति की व्यापकता को देखते हुए इसमें कुछ समय लग सकता है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें और टूटे बिजली के तारों से दूर रहें।