मच्छरों का प्रकोप, नगर वासियों का जीना मुश्किल
दुद्धी सोनभद्र ।कस्बे में इन दिनों मच्छरों की बाढ़ सी आ गई है, जिससे नगर वासियों का जीना और रात में सोना मुश्किल हो गया है। मच्छरों के ताबड़तोड़ हमले से नगर वासियों का रात का सोना हराम हो गया है। लोगों को मलेरिया जैसे बीमारियों से बचाव के लिए मच्छर निरोधी दवा छिड़काव कराए जाने की मांग करनी पड़ी है।
लोगों का आरोप है कि इधर काफी दिनों से मच्छर निरोधी का छिड़काव नहीं किया गया है, जिसके चलते मच्छरों की संख्या में वृद्धि हो रही है। लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन और स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि पूरे नगर के विभिन्न वार्डों में दवा का छिड़काव कराया जाए।
नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने कहा है कि इससे पूर्व फॉगिंग नगर में कराया गया था और फिर मच्छर निरोधी फॉगिंग कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल जमाव वाले स्थान पर ब्लीचिंग पाउडर आदि का छिड़काव कराया जाएगा।
नगर वासियों को उम्मीद है कि जल्द ही मच्छर निरोधी दवा का छिड़काव कराया जाएगा और उन्हें मच्छरों से मुक्ति मिलेगी।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी विवेक सिंह