✍राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
लगभग एक माह बाद कुठला पुलिस की गिरफ्त में आया हत्यारा?, पन्नी कॉलोनी में युवक की हत्या करने के बाद हो गया था फरार
कटनी। कुठला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पन्नी कॉलोनी में लगभग एक माह पूर्व हुए निर्मम हत्याकांड का मुख्य आरोपी आखिरकार कुठला पुलिस की गिरफ्त में आ ही गया। हालांकि हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी के संबंध में अभी तक पुलिस विभाग ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक मुख्य आरोपी को विगत रात्रि पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
यह थी घटना
कुठला थाना अंतर्गत पन्नी कॉलोनी स्थित एक मकान में 28 अप्रैल की सुबह एक युवक की रक्त रंजित लाश पाई गई थी। कुठला थाना क्षेत्र अंतर्गत पन्नी कॉलोनी निवासी लगभग 30 वर्षीय प्रदीप कोल का विवाद 27, 28 अप्रैल की देर रात शराब के नशे में स्थानीय निवासी अन्नू कोल नमक युवक से हुआ था। विवाद इस कदर बढ़ा कि अन्नू ने प्रदीप के ऊपर घातक हथियार से हमला कर दिया था। मारपीट करते हुए भारी भरकम हथियार से उसने कई बार वार किया, जिसके कारण प्रदीप अचेत होकर सड़क पर गिर गया। प्रदीप को अचेत देख अन्नू ने उसे पास ही मौजूद अपने मकान में अपने भाई अनिल कोल की मदद से छिपा दिया और वहां से रफू चक्कर हो गया था। सुबह जब प्रदीप की मौत की खबर क्षेत्र में फैली तो घटना की जानकारी लगते ही पुलिस वहां जा पहुंची और शव को कब्जे में लेते हुए अग्रिम कार्यवाही शुरू की। इस मामले में सहयोगी की भूमिका निभाने वाले अनिल कोल को घटना के बाद कुछ घंटे के अंदर ही गिरफ्तार कर लिया गया था लेकिन मुख्य आरोपी अन्नू कोल फरार हो गया था। लगभग एक माह तक अन्नू की तलाश में पुलिस दर-दर भटकती रही अंतत उसे विगत रात्रि मुखबीर की सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया गया।।