गौवंशों को गुड़-चना खिलाकर दिया गौसेवा का संदेश
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने नगर पंचायत कदौरा स्थित कान्हा गौशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गौशाला की व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया और सम्बंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जिलाधिकारी ने खुद अपने हाथों से गौवंशों को गुड़ और चना खिलाकर गौसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दर्शाई। उन्होंने कहा कि गोवंशों की देखभाल के लिए प्रशासन पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है। जिलाधिकारी ने गौशाला की साफ-सफाई, चारे-पानी की उपलब्धता और पशुओं के स्वास्थ्य की स्थिति की भी बारीकी से जांच की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गौशाला से संबंधित कोई भी अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जायेगी। नगर पंचायत कदौरा के अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि गौशाला की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें और गोवंशों की देखभाल में किसी भी प्रकार की कमी न हो। इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष अर्चना शिवहरे, उप जिलाधिकारी सुशील सिंह, सीओ अवधेश सिंह, अधिशासी अधिकारी राम अचल कुरील, संबंधित अधिकारी, नगर पंचायत प्रतिनिधि एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख
उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश