ग्राम सभा पिपरा काजी में फर्जी कार्यों की भरमार, ग्रामीणों ने उठाई आवाज
ग्राम सभा पिपरा काजी, ब्लॉक निचलौल, महाराजगंज
20/06/2025
ग्राम सभा पिपरा काजी में विकास कार्यों में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं सामने आई हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान द्वारा कागजों पर फर्जी काम दिखाकर सरकार से लाखों रुपये की धनराशि निकाल ली गई, जबकि ज़मीनी स्तर पर कोई कार्य नहीं हुआ है। जो काम हुए हैं, उनकी गुणवत्ता बेहद खराब है और कुछ ही महीनों में टूट-फूट गए हैं। बरसात में तो ग्राम सभा के मुख्य रोड पर चलने से लोग डरते हैं, कि कीचड़ में गिरकर हाथ पैर न टूट जाए।
ग्रामवासियों ने बताया कि इस बार जबसे ग्राम प्रधान का चुनाव हुआ है, तबसे आज तक पिपरा काजी में 4 प्रधान बदले जा चुके हैं। जो भी ग्राम प्रधान आते हैं, ग्राम पंचायत के पैसे से पहले अपना जेब भरते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि हर साल बजट पास होता है, लेकिन वह बजट सिर्फ कागजों तक ही सीमित रहता है। न तो सड़कों की मरम्मत की जाती है और न ही नालियों की सफाई होती है। गांव की सड़कों की हालत बदतर है और बारिश के समय कीचड़ और जलभराव आम हो जाता है। सफाई व्यवस्था इतनी खराब है कि दो से तीन महीने में सिर्फ दिखावे के लिए थोड़ी बहुत सफाई की जाती है। कई बार तो ग्राम सभा में हैंड पंपों के रिपेयरिंग के नाम पर तो कई बार बिना निर्माण हुए सड़क व नाली के मरम्मत के नाम पर बजट पास कराते हैं, पर निर्माण या मरम्मत कहीं दिखता नहीं है।
मौके पर उपस्थित ग्रामवासियों ने बताया, “कई बार ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव से शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती। काम सिर्फ कागज पर होता है, गांव में तो कुछ दिखाई ही नहीं देता।”
ग्रामवासियों ने कहा कि इस ग्राम सभा की समस्याएं किसी भी उच्चाधिकारियों द्वारा न तो कभी जांच किया गया और नहीं किसी ने जायजा लिया, जिससे ग्राम सभा के सभी सरकारी योजनाओं का हाल सबसे बदतर है।
रवि प्रताप (ब्यूरो चीफ महराजगंज)