असीम पाल
ब्यूरो चीफ कांकेर छत्तीसगढ़
कांकेर, 21 जून 2025:
निखिल भारत बंगाली समन्वय समिति ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कथित रूप से बंगाली समाज के विरुद्ध आपत्तिजनक शब्दों और झूठी जानकारी के प्रचार पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। समिति ने इस संबंध में कांकेर जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पखांजूर को पत्र सौंपते हुए उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
समिति का कहना है कि दिनांक 21/06/2025 को कन्हैया लाल उसेण्डी द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बंगाली समाज को अपमानित करने वाले शब्दों का प्रयोग किया गया। समिति का आरोप है कि यह बयान न केवल भ्रामक है, बल्कि जानबूझकर समाज की छवि धूमिल करने और सामाजिक सद्भावना को बिगाड़ने के उद्देश्य से दिया गया था।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस प्रकार की घटनाओं से समाज में असंतोष और विभाजन की भावना उत्पन्न होती है, जिससे राज्य भर में बंगाली समाज के लोग स्वयं को अपमानित महसूस कर रहे हैं।
समिति ने संबंधित व्यक्ति से सार्वजनिक रूप से माफी की मांग की है, साथ ही पुलिस प्रशासन से अनुरोध किया है कि यदि माफी नहीं मांगी जाती तो उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाए।
इस पत्र पर निखिल भारत बंगाली समन्वय समिति के प्रदेश अध्यक्ष मनोज कुमार मंडल, प्रदेश सचिव शंकर सरकार, सचिव सुगम विश्वास सहित कई अन्य प्रमुख सदस्यों के हस्ताक्षर हैं।