खाजूवाला में मंगलवार रात को दुकानदार के साथ लूट हो गई। चार बदमाशों ने मेन बाजार में स्थित दुकान के मालिक के साथ चाकूबाजी की और रुपए लूटकर भाग गए। मारपीट में दुकानदार घायल हो गया।
खाजूवाला के मुख्य बाजार में भगत सिंह चौक पर रात करीब साढ़े नौ बजे चार बदमाश दुकानदार मुस्तफा की दुकान पर पहुंचे थे। मुस्तफा मनिहारी की दुकान करता है। दिनभर की कमाई के साथ ही कुछ पुरानी बचत के रुपए भी दुकान में रखे हुए थे। बदमाशों ने दुकान पर पहुंचकर चाकू दिखाया और रुपए छीने। दुकान में रखा सामान भी बिखेर दिया और तोड़फोड़ भी की। मुस्तफा ने विरोध किया तो मारपीट की।
घटना की जानकारी पर खाजूवाला थाना के एएसआई श्रवण कुमार और हेड कॉन्स्टेबल खींव सिंह मौके पर पहुंचे। देर रात तक बदमाशों की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने कई जगह दबिश देने के साथ ही नाकाबंदी भी की है। बदमाशों की पहचान नहीं होने के कारण अब सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है।
इंडियन टीवी बीकानेर ब्यूरो चीफ रिपोर्टर विजेश पारीक।