उरई(जालौन): कालपी में बाढ़ आपदा से निपटने के लिए मॉक एक्सरसाइज का हुआ आयोजन:
एनडीआरएफ व एसडीआरएफ टीमों ने किया रेस्क्यू का अभ्यास, एडीएम के निर्देशन में चला पूरा अभियान:
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देश पर जनपद जालौन की तहसील कालपी स्थित बिहारी जी घाट पर गुरुवार को बाढ़ आपदा से निपटने के लिए राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया गया। इस अभ्यास का नेतृत्व अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संजय कुमार ने किया। मॉक ड्रिल का उद्देश्य बाढ़ जैसी आपात स्थिति में जिला प्रशासन, विभागीय इकाइयों और सुरक्षा बलों की तत्परता व समन्वय क्षमता का परीक्षण करना रहा। ड्रिल में बाढ़ के चलते मार्ग अवरुद्ध होने, नाव पलटना, राहत शिविर की स्थापना तथा डूबने की घटनाओं की परिकल्पना पर व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। इस दौरान इंसीडेंट कमांड पोस्ट, स्टेजिंग एरिया और राहत शिविर के संचालन की व्यवस्थाएं भी तैयार की गईं। उप जिलाधिकारी कालपी ने इंसीडेंट कमांडर की भूमिका निभाते हुए पूरे अभियान का संचालन किया। माक ड्रिल में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पीएसी की टीमों ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित निकालने, राहत सामग्री पहुंचाने और घायलों की निकासी जैसे कार्यों का अभ्यास किया। इसमें स्वास्थ्य विभाग, पीडब्ल्यूडी, पुलिस, फायर ब्रिगेड, विद्युत विभाग, राजस्व टीम, नेहरू युवा केंद्र, एनसीसी, पीआरडी, होमगार्ड, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सफाई कर्मचारी, महिला स्वयं सहायता समूह, एडीओ पंचायत एवं खंड विकास अधिकारी समेत अन्य विभागों की सक्रिय भागीदारी रही। इस मॉक एक्सरसाइज का लाइव पर्यवेक्षण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी द्वारा किया गया। एडीएम संजय कुमार ने बताया कि इस अभ्यास से विभागों के बीच समन्वय बेहतर होगा और वास्तविक आपदा की स्थिति में राहत व बचाव कार्यों को त्वरित व प्रभावी ढंग से अंजाम दिया जा सकेगा। जिला प्रशासन ने इस आयोजन को आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में मील का पत्थर बताया है।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख
उरई-जालौन ) उत्तर प्रदेश