नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज
ब्यूरो हजारीबाग।
मोहर्रम को लेकर दारू थाना में शांति समिति की बैठक आयोजित
आपसी सौहार्द्र और शांति बनाए रखने की अपील
हजारीबाग (दारू): आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से दारू थाना परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों की उपस्थिति रही।
बैठक की अध्यक्षता दारू अंचलाधिकारी राम बालक कुमार ने की। इस दौरान उन्होंने सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से त्योहार के अवसर पर शांति एवं भाईचारा बनाए रखने की अपील की। वहीं, प्रखंड विकास पदाधिकारी हसन रशीद, एसडीपीओ बेजनाथ प्रसाद और थाना प्रभारी फिरोज खां ने भी लोगों से आपसी सहयोग और संयम बरतने का आग्रह किया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की अफवाह या आपत्तिजनक गतिविधियों पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी और उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मौजूद अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि मोहर्रम के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी।
इस बैठक में दारू प्रखंड के विभिन्न गांवों के गणमान्य नागरिकों ने भी हिस्सा लिया और प्रशासन को अपना पूर्ण सहयोग देने का भरोसा जताया।