दुद्धी में मोहर्रम के दौरान भड़काऊ नारे लगाने पर डीजे संचालक के खिलाफ कार्रवाई
दुद्धी सोनभद्र।दुद्धी में मोहर्रम के दिन शाम को ताजिया दर एवं अखाड़ों के जुलूस के दौरान एक डीजे पर भड़काऊ और आपत्तिजनक नारे एवं भाषण बजाए जाने लगे। पुलिस को जैसे ही इसकी जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत डीजे को बंद करा दिया और डीजे संचालक के खिलाफ कार्रवाई की।
प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि डीजे संचालक ऋतिक कुमार पुत्र राकेश कुमार निवासी ग्राम खजूरी के खिलाफ BNS की धारा 299 और 196 (2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। युवक को चालान कर दिया गया है। पुलिस ने यह कार्रवाई समाज में शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी व्यक्ति के मन को आघात न पहुंचाने के लिए की है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समाज में शांति व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है। किसी भी तरह की भड़काऊ गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आगे भी पुलिस प्रशासन अपनी कार्रवाई जारी रखेगा ताकि समाज में सौहार्द और शांति का माहौल बना रहे।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी विवेक सिंह