ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की एक अनुकरणीय मिसाल पेश करते हुए
जिला गुना ग्राम छीरखेड़ा स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय में सहायक शिक्षक के पद पर पदस्थ अब्दुल नसीम कुरैशी ने रास्ते में मिली लगभग 7 ग्राम वजनी सोने की अंगूठी शहर कोतवाली में जमा करा दी है।
जानकारी सामने आई है कि सहायक शिक्षक कुरैशी अपने एक साथी का इलाज कराने चिकित्सक के पास जा रहे थे, तभी उन्हें यह अंगूठी मिली। अब्दुल नसीम कुरैशी ने अपनी ईमानदारी का परिचय देते हुए कहा कि सोना बड़ी मेहनत से खरीदा जाता है और जिसकी भी अंगूठी खोई होगी, वह उसे अवश्य तलाश रहा होगा। उन्होंने न केवल अंगूठी पुलिस को सौंपी, बल्कि मीडिया से भी संपर्क किया, ताकि जिसके भी अंगूठी खोई हो, वह कोतवाली से उसे प्राप्त कर सके। पुलिस ने अब्दुल नसीम कुरैशी द्वारा पेश की गई ईमानदारी की इस मिसाल की सराहना की है। कुरैशी के अनुसार, गुना एक शांतिप्रिय और मिलनसार शहर है, जहां लोग ईमानदारी से खोई हुई वस्तुएं लौटा देते हैं। उन्होंने भी अपने नागरिक दायित्व का निर्वहन किया है। यह घटना शहर में ईमानदारी और नेकनीयती की भावना को उजागर करती है। शहर और समाज में भी अब्दुल नसीम कुरैशी की सराहना हो रही है।
जिला गुना से व्यूरो चिफ गोलू सेन की रिपोर्ट