सीमा सुरक्षा बल अकादमी में उप निरीक्षक (सीधी भर्ती) कोर्स क्रमांक 70 द्वारा सांस्कृतिक संध्या का आयोजन
सीमा सुरक्षा बल अकादमी, टेकनपुर में दिनांक 13 जुलाई 2025 को उप निरीक्षक कोर्स क्रमांक 70 द्वारा रस, संगीत और ऊर्जा से सराबोर एक भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. शमशेर सिंह, आईपीएस, एडीजी / निदेशक, सीमा सुरक्षा बल अकादमी, टेकनपुर मौजूद रहे। वरिष्ठ अधिकारीगण एवं अकादमी के प्रशिक्षकों ने भी इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में गरिमामयी उपस्थिति दर्ज की। इस अवसर पर ग्वालियर और डबरा से पत्रकार और मीडियाकर्मी भी शामिल हुए।
उप निरीक्षक (सीधी भर्ती) कोर्स क्रमांक 70 के अंतर्गत 52 प्रशिक्षुओं ने 29 जुलाई 2024 को अकादमी में प्रवेश लिया और अभी 50 सप्ताह का कठिन प्रारंभिक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। एक आम नागरिक से सीमा प्रहरी बनने की इस यात्रा में उन्हें बुनियादी सैन्य कौशल, शारीरिक दक्षता, मानसिक दृढ़ता, सीमा प्रबंधन, तकनीकी, नागरिक संपर्क तथा व्यक्तित्व विकास का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। उनके इस रूपांतरण ने उनकी शारीरिक क्षमताओं के साथ-साथ मानसिक एवं भावनात्मक शक्ति का भी विकास किया है।
पासिंग आउट परेड 19 जुलाई 2025 को ऐतिहासिक वीरांगना लक्ष्मीबाई परेड ग्राउंड, सीमा सुरक्षा बल अकादमी, टेकनपुर में आयोजित की जाएगी। इस परेड की समीक्षा मुख्य अतिथि के रूप में दलजीत सिंह चौधरी, आईपीएस, महानिदेशक, सीमा सुरक्षा बल करेंगे तथा इसमें प्रशिक्षुओं के अभिभावक, वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे। पासिंग आउट के पश्चात प्रशिक्षु राष्ट्र की सीमाओं की सुरक्षा हेतु अलग-अलग बटालियनों में पदस्थापित होंगे।
डॉ. शमशेर सिंह, निदेशक, सीमा सुरक्षा बल अकादमी ने प्रशिक्षुओं और स्टाफ द्वारा जीवंत संध्या प्रस्तुत करने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बल के भीतर मनोबल, अनुशासन और सौहार्द बढ़ाने में सांस्कृतिक गतिविधियों के महत्व पर बल दिया। साथ ही, उन्होंने प्रशिक्षुओं में बीएसएफ की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए हर भारतीय को गर्वित करने का मार्गदर्शन किया|
इस अवसर पर कोर्स की आगामी दीक्षांत परेड (पीओपी) के प्रारंभिक कार्यक्रम का वीडियो भी औपचारिक रूप से जारी किया गया।
कार्यक्रम का समापन प्रशिक्षुओं द्वारा निदेशक, अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन तथा उनकी गरिमामयी उपस्थिति के प्रति हार्दिक धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
रिपोर्ट गजेन्द्र सिंह यादव