नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज
ब्यूरो चीफ हजारीबाग।
हजारीबाग में मोबाइल लूट के दौरान जानलेवा हमला, पुलिस अधीक्षक से शेफाली गुप्ता ने की मुलाकात
हजारीबाग, 14 जुलाई 2025 — जबरा पावर हाउस के समीप एक व्यक्ति पर मोबाइल छिनतई के दौरान अपराधियों द्वारा किए गए जानलेवा हमले को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता शेफाली गुप्ता ने हजारीबाग पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन से मुलाकात की और मामले की गंभीरता से अवगत कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जबरा निवासी प्रदीप प्रसाद पर अपराधियों ने हमला किया, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में रिम्स, रांची में भर्ती कराया गया है। वर्तमान में वे जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष कर रहे हैं। शेफाली गुप्ता ने बताया कि उन्होंने रिम्स प्रबंधन से समन्वय कर बेहतर इलाज के लिए हरसंभव मदद उपलब्ध करवाई है।
इस मुलाकात में उन्होंने पुलिस अधीक्षक से अपराधियों एवं नशे के बढ़ते कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही हजारीबाग में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने, भयमुक्त वातावरण बनाए रखने और विशेष रूप से जबरा व कोर्रा क्षेत्र में पुलिस गश्ती बढ़ाने की अपील की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इसके अतिरिक्त, नगर आयुक्त के माध्यम से घटना स्थल पर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की गई, जिस पर उन्हें सकारात्मक आश्वासन प्राप्त हुआ।
शेफाली गुप्ता ने प्रशासन से यह अपेक्षा जताई है कि दोषियों पर शीघ्र कानूनी कार्रवाई हो और पीड़ित परिवार को न्याय मिले।