पत्रकारों की मांगों पर अब तक नहीं हुई कार्रवाई, पलेरा नगर इकाई ने जताई नाराजगी
पोस्टकार्ड लिखकर भेजे स्मरण पत्र
जिला ब्यूरो चीफ जावेद अली टीकमगढ़
पलेरा।। मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रांताध्यक्ष शलभ भदौरिया के निर्देशानुसार पलेरा नगर इकाई ने जिला अध्यक्ष रघुवीरसहाय पस्तोर के नेतृत्व में मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव को पोस्टकार्ड लिखते हुए एक स्मरण पत्र भेजा। स्मरण पत्र में संगठन ने पत्रकारों की लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की है। पोस्टकार्ड में लिखा गया है कि स्मरणीय है कि यह पत्र 27 मार्च 2025 को त्रिवर्षीय एवं दो दिवसीय मुरैना महाधिवेशन में सौंपे गए 6 सूत्रीय मांग पत्र के संदर्भ में दिया गया है। संघ के पदाधिकारियों ने पत्र में उल्लेख किया है कि मुरैना महाधिवेशन में मुख्यमंत्री ने पत्रकारों की मांगो पर गंभीरता से विचार कर हल निकालने का आश्वासन दिया था। बावजूद इसके दो माह बीत जाने के बाद भी न तो कोई कार्रवाई हुई और न ही कोई जानकारी प्राप्त हुई है। यह स्थिति प्रदेश भर के पत्रकारों में निराशा का कारण बन रही है।
स्मरण पत्र के माध्यम से पलेरा नगर इकाई ने मांग की है कि मुख्यमंत्री स्वयं पत्रकारों की मूलभूत समस्याओं पर शीघ्र निर्णय लें। साथ ही उन्होंने आग्रह किया है कि जिन मुद्दों को महाअधिवेशन में प्रस्तुत किया गया था, उन पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द से जल्द समाधान निकालें। इस दौरान पत्रकार अनिल खरे, बालचंद शुक्ला, पवन संज्ञा, सद्दाम राईन, मनीष कंथारिया, सुरेंद्र त्रिपाठी, गोपाल नायक, समीर खान, सूरज राजपूत, सहिर रजा, अमित कुमार अहिरवार, मुहम्मद ख्वाजा, शब्बीर खान उपस्थित रहे।