नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज ब्यूरो चीफ हजारीबाग।
हजारीबाग: सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने आज नगर निगम और वन विभाग की टीम के साथ अपने विधायक सेवा कार्यालय की टीम के सहयोग से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सूखे और जर्जर पेड़ों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चिन्हित किए गए सूखे पेड़ों की सूची तैयार की गई, जिन्हें हटाना आवश्यक है क्योंकि वे किसी भी समय गिरकर जान-माल की क्षति पहुँचा सकते हैं।
विधायक ने त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सभी चिन्हित सूखे पेड़ों को जल्द से जल्द हटाया जाए, ताकि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
जिन क्षेत्रों में यह कार्य प्राथमिकता के साथ किया जाएगा, उनमें नीलांबर-पीतांबर चौक, सदानंद रोड, वेल्स ग्राउंड के सामने, पीडी रोड, पीसी चौक, सुरेश कॉलोनी मोड़, जुलूस पार्क, झील परिसर, नूर मंदिर, विशाल मेगा मार्ट, पूजा रेस्टोरेंट के सामने, सदर अस्पताल गेट, जिला बस पड़ाव, कार्मल चौक, पैराडाइस के सामने और कोलंबस कॉलेज के पास शामिल हैं।
विधायक ने आमजन से अपील की है कि यदि उनके आसपास भी कोई सूखा पेड़ हो जो संभावित खतरा बन सकता है, तो वे विधायक सेवा कार्यालय को इसकी जानकारी अवश्य दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।