दुद्धी में नवजात की मौत पर हंगामा,ससुराल पक्ष ने अंतिम संस्कार के बाद मांगा शव, पुलिस जांच में जुटी
दुद्धी सोनभद्र।एक नवजात बच्ची की मौत के बाद दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हंगामा हो गया। ससुराल और मायके के आपसी मतभेद के कारण यह घटना घटी, जिसमें एक ही परिवार के लोग आमने-सामने आ गए।
मिली जानकारी के अनुसार कोट कोतवाली क्षेत्र के बीड़र गांव निवासी फुलवंती नामक महिला ने शुक्रवार को एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया था, लेकिन पति और ससुराल पक्ष ने कोई हाल-चाल तक नहीं लिया। शनिवार को बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर मौत हो गई, जिसके बाद मायके वालों ने लौवा नदी के तट पर अंतिम संस्कार कर दिया।
जब ससुराल वालों को मौत की जानकारी मिली, तो वे रविवार की सुबह लगभग 11 बजे दावा करते हुए अस्पताल पहुंचे कि बच्ची उनकी है और “बच्ची चाहिए, चाहे जिंदा हो या मरी हुई”। इस दौरान दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद पुलिस को बुलाना पड़ा।दुद्धी पुलिस लौवा नदी के तट पर पहुंची, जहां शव दफनाया गया था, लेकिन घंटों तलाश के बाद भी शव नहीं मिला।
फिलहाल पुलिस और स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले की जांच में जुटी है, ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।
पुलिस ने बताया कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग और पुलिस प्रशासन इस मामले में आगे की जांच कर रहे हैं।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी विवेक सिंह