नशा मुक्ति जनजागृति अभियान – ‘‘नशे से दूरी है जरूरी’’
नशे से दूरी है जरूरी“ अभियान के अंतर्गत आमजन के अलावा हॉकी खिलाड़ियों को भी स्टेडियम में किया जागरूक
श्रीमंत माधवराव सिंधिया हॉकी स्टेडियम में हुआ सद्भावना हॉकी मैच का आयोजन।
जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर नशा मुक्ति का लिया संकल्प।
ग्वालियरः 29.07.2025- मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार संपूर्ण मध्यप्रदेश में 15 दिवसीय “नशे से दूरी है जरूरी“ जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उक्त अभियान के तहत आज दिनांक 29.07.2025 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देशानुसार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री कृष्ण लालचंदानी(भापुसे) के मार्गदर्शन में जिले के थाना क्षेत्रों में आज अभियान के 14वें दिन भी जागरूकता संबंधी प्रेरक गतिविधियों की श्रृंखला जारी रही और नशा मुक्ति जागरूकता हेतु हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया।
“नशे से दूरी है जरूरी“ जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत आज ग्वालियर स्थित श्रीमंत माधवराव सिंधिया हॉकी स्टेडियम में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं और हॉकी खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस अवसर पर उपस्थित जिला खेलकूद अधिकारी श्री जोसेफ बक्सला, डीएसपी यातायात श्री अजीत सिंह चौहान एवं थाना प्रभारी यातायात कम्पू निरीक्षक धनंजय शर्मा द्वारा हॉकी खिलाड़ियों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई और उपस्थित खिलाड़ियों को नशा मुक्ति हेतु शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर डीएसपी यातायात श्री अजीत सिंह चौहान ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए नशे से दूर रहने का संदेश दिया और बताया कि खेलों के माध्यम से युवा अपने जीवन को अनुशासित, स्वस्थ एवं सफल बना सकते हैं। यह आयोजन युवाओं को नशे से दूर रखने तथा खेलों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा। उन्होने कहा कि आप स्वयं भी नशे के दुष्परिणमों के प्रति जागरूक हों तथा अपने दोस्तों व रिश्तेदारों को भी जागरूक करें।
कार्यक्रम के अंत में सद्भावना हॉकी मैच का आयोजन किया गया, जिसमें खिलाड़ियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ भाग लिया। यह मैच नशे के विरुद्ध एकजुट और सकारात्मक संदेश का प्रतीक बना।
थाना इंदरगंज पुलिस द्वारा आज बाल भवन सभागार ग्वालियर में आयोजित नृत्य प्रतियोगिता में उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं परिजनों को नशे से दूरी है जरूरी अभियान के अंतर्गत नशा मुक्ति संबंधी जानकारी दी गई और इस अवसर पर उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। इस दौरान निरीक्षक दीप्ती तोमर उनि0 पायल शर्मा, एवं थाना स्टाफ उपस्थित रहा।
महिला थाना पड़ाव से उनि0 रश्मी भदौरिया के द्वारा नशे से दूरी है जरूरी अभियान के तहत ग्वालियर में एफएम95 चस्का के माध्यम से आमजन से चर्चा की जाकर नशे से होने वाले दुष्प्रभाव, बचाव के उपाय और सहायता प्राप्त करने के साधनों की जानकारी दी गई तथा स्टॉफ को भी नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर रेडियो के माध्यम से दर्शकों से रूबरू होते हुए उन्हें नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। और सभी से अपील की कि वह इस सामाजिक बुराई को खत्म करने के पुलिस के प्रयासों में सहभागी बने।
थाना माधौगंज में आज ‘‘नशे से दूरी है जरूरी’’ अभियान के तहत बाजारों में जाकर आमजन को नशा से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में बताया एवं नशा मुक्ति हेतु उठाए जाने वाले आवश्यक कदम के बारे में बताया एवं सभी को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई एवं नशा मुक्ति हेल्पलाइन नंबर 14446 के बारे में भी जानकारी दी गई। इस दौरान उनि0 दिव्या तिवारी एवं थाना स्टाफ उपस्थित रहा।
थाना घाटीगांव में “नशे से दूरी है जरूरी “जन जागरूकता अभियान के तहत शासकीय हाई स्कूल सिंमरिया टांका में छात्र-छात्राओं एवं स्कूल स्टाफ को नशा मुक्ति के लिये जागरूक किया गया एवं छात्र -छात्राओं तथा स्कूल स्टाफ को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई, इस दौरान उनि0 शिव सिंह गुर्जर एवं थाना स्टाफ उपस्थित रहा।
थाना हस्तिनापुर में ग्राम सिरसोद में लोगों को नशे से दूरी है जरूरी अभियान के अंतर्गत जानकारी दी गई, एवं लोगो को जागरूकता संबंधी वीडियो दिखाई गई एवं नशा मुक्त मध्य प्रदेश के अंतर्गत शपथ दिलाई गई, इस दौरान राजकुमार सिंह राजावत एवं थाना स्टॉफ उपस्थित रहा।
इसी प्रकार ग्वालियर जिले के अन्य थाना क्षेत्र में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जाकर छात्र-छात्राओं तथा स्टॉफ एवं आमजनों तथा खिलाड़ियों को नशे के प्रति जागरूक किया गया और जागरूकता बैनर लेकर और शपथ पत्रों के माध्यम से यह संदेश दिया कि वह स्वयं नशे से दूर रहेंगे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे।
रिपोर्ट गजेन्द्र सिंह यादव