सावन मेले में झूले से गिरकर नेपाली युवक की मौत, मचा हड़कंप
ठूठीबारी थाना क्षेत्र के इटहिया शिवमंदिर मेले की घटना
निचलौल, महराजगंज |
कोतवाली ठूठीबारी थाना क्षेत्र के पंचमुखी शिवमंदिर, इटहिया में सावन मेले के दौरान शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। चल रहे ब्रेक डांस झूले से गिरकर नेपाल के एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद झूला संचालक और कर्मी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने झूले का संचालन तत्काल प्रभाव से बंद कराते हुए शव को कब्जे में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, सावन महीने के अवसर पर पंचमुखी शिवमंदिर इटहिया में मेला लगा हुआ है। नेपाल के नवलपरासी जिले के सुस्ता वार्ड नंबर 5, बेलवानी निवासी विवेक पोखरेल (30) अपने दोस्तों के साथ शनिवार दोपहर मेला घूमने आए थे। मंदिर में जलाभिषेक करने के बाद उन्होंने ब्रेक डांस झूले का टिकट लिया और दोस्तों के साथ झूले में बैठ गए। झूले की रफ्तार तेज होने पर उनका संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह नीचे गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मेला परिसर में अफरातफरी मच गई। घायल विवेक को लोगों ने तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई।
ठूठीबारी थाना प्रभारी निरीक्षक महेंद्र मिश्रा ने पुष्टि करते हुए बताया कि युवक की मौत इलाज के दौरान जिला अस्पताल में हुई है। शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्यवाही के लिए भेजा गया है और झूला संचालक व कर्मचारियों की तलाश कर उन्हें पूछताछ के लिए थाने लाया जा रहा है।
वहीं, एसडीएम निचलौल नंद प्रकाश मौर्य ने बताया कि मेला प्रशासन द्वारा पूर्व में मौत के कुएं जैसे खतरनाक झूलों को बंद कराया जा चुका था। इस घटना के बाद ब्रेक डांस झूले का संचालन भी रोक दिया गया है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
रवि प्रताप सिंह (ब्यूरो चीफ महराजगंज)