महापौर डॉ. अजय कुमार ने किया ₹1.75 करोड़ की लागत से हो रहे विकास कार्यों का शुभारंभ
सहारनपुर वार्ड 25 के वेद विहार एवं वार्ड 39 के हिम्मतनगर और विनय विहार में बन रही सड़कें और पार्क का सौंदर्यीकरण कार्य प्रारंभ! नगर निगम सहारनपुर द्वारा शहर के सतत विकास को मजबूती प्रदान करने हेतु एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। रविवार को वार्ड संख्या 25 के वेद विहार और वार्ड संख्या 39 के हिम्मतनगर एवं विनय विहार कॉलोनी में कुल ₹1.75 करोड़ की लागत से बन रही दो प्रमुख सड़कों एवं एक पार्क के सौंदर्यीकरण कार्य का भव्य शुभारंभ हुआ।
महापौर डॉ. अजय कुमार ने नारियल फोड़कर और भूमि पूजन कर विकास कार्यों का विधिवत उद्घाटन किया। अपने संबोधन में महापौर ने कहा कि नगर निगम का संकल्प है कि शहर के हर कोने में बुनियादी सुविधाओं को सशक्त किया जाए। सड़कों के निर्माण से नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, वहीं पार्क का सौंदर्यीकरण स्थानीय लोगों को स्वच्छ, हरित और सुंदर सार्वजनिक स्थल प्रदान करेगा।
इस दौरान महापौर के साथ कई गणमान्य एवं सम्मानित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इनमें पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा, विधायक राजीव गुंबर, पूर्व विधायक जगपाल सिंह, पूर्व महानगर अध्यक्ष हेमंत अरोड़ा, पूर्व महानगर अध्यक्ष अमित गगनेजा, वरिष्ठ भाजपा नेता गुरप्रीत बग्गा, मंडल अध्यक्ष जोगिंदर लाल, मंडल अध्यक्ष अजय वशिष्ठ, पूर्व मंडल अध्यक्ष मनीष सचदेवा, तथा पार्षद सोपिन पाल, पार्षद राजकुमार शर्मा, पार्षद कपिल धीमान, पार्षद राजू जाटव, पार्षद अनिल गर्ग, वरिष्ठ भाजपा नेता शिवमंगल सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, समाजसेवी, भाजपा कार्यकर्ता एवं पार्टी पदाधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए और विकास कार्यों के प्रति प्रसन्नता व्यक्त की।
कार्यक्रम के समापन पर महापौर ने यह भी आश्वासन दिया कि सभी कार्यों को समयबद्ध, पारदर्शी और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाएगा, जिससे जनता को दीर्घकालिक लाभ प्राप्त हो सके।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़