✍राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
रेल यात्रियों से चोरी करने वाला अंतरराज्यीय गिरोह धराया, 7.40 लाख का माल बरामद
कटनी।।रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों के कीमती सामान पर हाथ साफ करने वाले एक अंतरराज्यीय चोर गिरोह को जीआरपी (गवर्नमेंट रेलवे पुलिस) कटनी ने धर दबोचा है। इस कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 7 लाख 40 हजार रुपये मूल्य का चोरी का माल बरामद किया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रेल जबलपुर सुश्री शिमाला प्रसाद के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना मगवी और उप पुलिस अधीक्षक रेल कटनी श्रीमती अंकिता सुल्या के मार्गदर्शन में की गई। जीआरपी थाना कटनी की विशेष टीम ने थाना प्रभारी निरीक्षक एल.पी. कश्यप के नेतृत्व में सतत निगरानी और सूझबूझ से इस गिरोह का पर्दाफाश किया।
चार प्रमुख चोरी की घटनाएं सुलझाईं
जीआरपी ने चार बड़ी चोरी की वारदातों को सुलझाते हुए आरोपियों को दबोचा और चोरी का माल बरामद किया। इन घटनाओं का विवरण इस प्रकार है:
1. जबलपुर में बुजुर्ग महिला से चोरी धमतरी (छत्तीसगढ़) की 65 वर्षीय जया बहेती के एसी कोच (ए-2) में सफर के दौरान उनका लेडीज पर्स चोरी हो गया था। पर्स में 45,000 रुपये नकद, हीरे का मंगलसूत्र, सोने की अंगूठी, तुलसी माला, मोबाइल और दस्तावेज थे, जिनकी कीमत करीब 2 लाख रुपये थी। पुलिस ने चार आरोपियों—विनोद यादव, संजय यादव, नसीमुद्दीन और कल्लू यादव—से 4.20 लाख रुपये का माल बरामद किया।
2. मैहर में कुम्भ स्पेशल ट्रेन में वारदात: नर्मदापुरम् की साधना मिश्रा से कुम्भ स्पेशल ट्रेन में सोने का मंगलसूत्र और 10,000 रुपये नकद चोरी हुए थे। आरोपी संजय यादव से 1.10 लाख रुपये मूल्य का पेंडल जब्त किया गया।
3. कटनी मुड़वारा आउटर में चोरी
बड़वानी की गीता देवी का मंगलसूत्र कटनी आउटर के पास ट्रेन में चोरी हुआ था। आरोपी विनोद यादव से 1.10 लाख रुपये का मंगलसूत्र बरामद किया गया।
4. नई दिल्ली के यात्री से लूट नई दिल्ली के दीपक खन्ना का 8,000 रुपये नकद, आईडी कार्ड और सोने की चेन कटनी मुड़वारा में चोरी हुई थी। आरोपी कल्लू यादव से 1 लाख रुपये की सोने की चेन जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
गिरफ्तार चारों आरोपी रीवा और चित्रकूट (उत्तर प्रदेश) के निवासी हैं। इनकी पहचान इस प्रकार है:
– विनोद यादव, पिता द्वारिका प्रसाद यादव, डभौरा पुरवा, थाना डभौरा, रीवा।
– संजय यादव, पिता राजकुमार यादव, डभौरा बाजार, थाना डभौरा, रीवा।
– नसीमुद्दीन, पिता समसुद्दीन, महावीर नगर, थाना मानिकपुर, चित्रकूट (उ.प्र.)।
– कल्लू यादव पिता राजकुमार यादव, हनुमान मोहल्ला, डभौरा बाजार, रीवा।
बरामद माल और कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों से कुल 7.40 लाख रुपये मूल्य का माल बरामद किया, जिसमें सोने के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है, जहां उन पर कानूनी कार्रवाई चल रही है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में जीआरपी कटनी के निरीक्षक एल.पी. कश्यप, उपनिरीक्षक अनिल मरावी, सउनि एस.पी. मिश्रा, संजय माझी, शेख जुम्मन, प्रधान आरक्षक शिवेन्द्र सिंह, राघवेन्द्र शर्मा, आरक्षक सुनील परस्ते, अभिषेक सिंह, प्रवीण तिवारी, दिनेश पटेल और आरपीएफ मैहर के निरीक्षक एस.पी. सिंह, सउनि अरविन्द, आरक्षक भागूराम ने अहम भूमिका निभाई।
यात्रियों से सतर्कता की अपील
जीआरपी ने रेल यात्रियों से अपने कीमती सामान की सुरक्षा के लिए सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना देने की अपील की है। इस कार्रवाई से रेल यात्रियों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है और चोरों में खौफ पैदा हुआ है।
(हरिशंकर पाराशर)