धारदार हथियार से व्यक्ति के गर्दन पर हमला, गंभीर रूप से घायल, आरोपी फरार, पुलिस जांच में जुटी
दुद्धी सोनभद्र । कोतवाली के अमवार चौकी क्षेत्र के सिधवादामर भिसूर गाँव के सुनसान जंगली इलाके में एक व्यक्ति पर धारदार हथियार से गर्दन पर हमला कर गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है। घायल व्यक्ति की पहचान शंभू (42) पुत्र लखपत निवासी भिसूर वर्तमान निवासी पुनर्वास कालोनी अमवार थाना दुद्धी के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि शंभू को व्यक्ति ने फोन कर मिलने के लिए बुलाया था। शंभू साईकिल से ही मिलने चला गया, जहां आरोपी ने सुनसान जगह देखकर धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया और फरार हो गया।
घटना की सूचना पाकर पुलिस ने 108 एम्बुलेंस से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मामले में आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। व्यक्ति को फोन पर बुलाकर धारदार हथियार से हमला क्यों किया गया यह मामला रहस्यमय बना हुआ है। आरोपी के पकड़े जाने के बाद ही सही तथ्य की जानकारी हो सकेगा। इस तरह की घटना को लेकर क्षेत्र में दहशत है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी विवेक सिंह