जैविक खाद प्लांट के नाम पर धोखाधड़ी: सहारनपुर पुलिस ने दो शातिर अभियुक्तों को किया गिरफ्तार
सहारनपुर, 12 अगस्त 2025: सहारनपुर पुलिस ने जैविक खाद प्लांट लगाने के नाम पर किसानों से धोखाधड़ी करने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। थाना नानौता पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर संजीव कुमार और सुशील को देवबंद रोड ठसका मोड़ के पास से गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से चार मोबाइल फोन, एक लाख रुपये नगद और फर्जी दस्तावेज बरामद किए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी सदर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी गंगोह के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। अभियुक्तों के खिलाफ थाना नानौता पर मुकदमा संख्या 182/25 दर्ज है, जिसमें धारा 3(5)/318(4)/316(2)/338/340(2)/336(3)/351(2)/61(2)(क) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। यह कार्रवाई 9 अगस्त 2025 को गुरजीत सिंह की शिकायत पर शुरू हुई, जिन्होंने सुशील और अन्य के खिलाफ 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया था।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि उन्होंने 2023 में जय एमरो बायो नाम से कंपनी शुरू की थी, जो जैविक कीटनाशक बनाती थी। जनवरी 2024 में उन्होंने जय एग्रो बायोसाइंस प्राइवेट लिमिटेड नाम से नई कंपनी खोली। इस कंपनी के जरिए उन्होंने किसानों को ढाई लाख रुपये प्रति यूनिट निवेश पर 25 महीने तक हर महीने 20 हजार रुपये देने का लालच दिया। कई किसानों से रुपये लिए गए और कुछ के खेतों में यूनिट लगाकर विश्वास जीता गया। हालांकि, ज्यादातर पैसा अभियुक्तों ने आपस में बांट लिया और कार, प्लॉट जैसी संपत्तियां खरीदीं।
पुलिस अधीक्षक देहात सागर जैन ने प्रेस वार्ता में बताया कि अभियुक्तों के बैंक खातों और अवैध संपत्तियों की जांच की जा रही है। दोनों के खिलाफ सहारनपुर के विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस टीम थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह, अनुज कुमार, धीरज सिंह, हेड कांस्टेबल अनुज कुमार और कांस्टेबल सचिन कुमार।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़