INDIN TV NEWS संवाददाता राजा गोखले मंडलेश्वर
मंडलेश्वर में गणेश चतुर्थी और ईद के लिए शांति समिति की बैठक, एसडीएम पूर्वा मंडलोई ने दिए निर्देश
मंडलेश्वर: आगामी गणेश चतुर्थी और ईद के त्योहारों को शांतिपूर्ण और सद्भावनापूर्ण माहौल में मनाने के लिए, नवागत एसडीएम पूर्वा मंडलोई ने थाना परिसर के सभागार में एक महत्वपूर्ण शांति समिति की बैठक ली। बैठक में एसडीओपी श्वेता शुक्ला, तहसीलदार कैलाश सस्त्या, थाना प्रभारी दीपक यादव, नगर परिषद अध्यक्ष विश्वदीप मोयदे सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
एसडीएम पूर्वा मंडलोई ने गणेश पंडालों के आयोजकों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मूर्तियों के लिए केवल मिट्टी का उपयोग किया जाए और डीजे साउंड पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। लाउडस्पीकर का उपयोग रात 10:30 बजे तक ही किया जा सकेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विसर्जन केवल निर्धारित स्थानों पर ही किया जाएगा और नर्मदा नदी में मूर्ति विसर्जन की अनुमति नहीं होगी। पुलिस प्रशासन की टीम विसर्जन प्रक्रिया की पूरी निगरानी करेगी ताकि कोई भी व्यक्ति नदी में विसर्जन न कर सके।
इसके अतिरिक्त, एसडीएम ने एमसीबी (मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी) के अधिकारियों को बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने और लटके हुए तारों को ठीक करने के निर्देश दिए।
एसडीओपी श्वेता शुक्ला ने सुरक्षा व्यवस्था पर जोर देते हुए पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए नियमित गश्त (पेट्रोलिंग) की जाए। उन्होंने कहा कि थाना प्रभारी और पुलिस अधिकारी रात्रि में भी सभी पंडालों का निरीक्षण करेंगे।
बैठक में व्यापारी संघ मंडलेश्वर के अध्यक्ष भरत राठौड़, संरक्षक गणेश मामा पाटीदार, लोकेश केवट, पार्षद साबिर पठान, ताहिर कुरेशी, दुर्गेश कुमार, राजदीप, कमलेश चौहान, पार्षद इमरान कुरेशी, संदीप हिरवे , सचिन पाटीदार, राजेश पवार सहित बड़ी संख्या में नगर के नागरिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।