डीएम ने जनता दर्शन में ली छात्रा जानवी की शिक्षा की जिम्मेदारी
जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एक मासूम छात्रा और उसकी माँ की व्यथा सुनकर भावुक हो उठे।पार्वती देवी अपनी पुत्री जानवी वर्मा के साथ जनता दर्शन में पहुँचीं। उन्होंने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपा, जिसमें बीमा पॉलिसी की राशि न मिलने की पीड़ा दर्ज थी। जिलाधिकारी ने आत्मीयता से बातचीत करते हुए पार्वती देवी से पूछा आपका घर कैसे चलता है, पार्वती देवी ने गीली आँखों से कहा साहब मैं घर-घर जाकर काम करती हूँ।इसके बाद जिलाधिकारी ने छात्रा जानवी से पूछा बेटा, तुम पढ़ाई कर रही हो मासूम ने जवाब दिया जी मैं नाइंथ क्लास में पढ़ती हूँ। इस पर जिलाधिकारी ने मुस्कुराकर कहा मन लगाकर पढ़ो, जो ठाना है उसे पूरा करके दिखाना। बातचीत के दौरान जब छात्रा ने पिता के 2019 में निधन की बात बताई तो माहौल भावुक हो गया। जिलाधिकारी ने तुरंत घोषणा करते हुए कहा कि जानवी की शिक्षा-दीक्षा की पूरी जिम्मेदारी अब वे स्वयं उठाएँगे। जनता दर्शन का यह क्षण वहाँ मौजूद हर व्यक्ति के हृदय को छू गया। लोगों ने जिलाधिकारी की इस पहल को न सिर्फ सराहा, बल्कि बच्ची के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख
उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश