कौशिक नाग -कोलकाता 1.50 लाख अमेरिकी डॉलर व 1810 थाई करेंसी के साथ तीन युवक अरेस्ट विदेशी मुद्रा के साथ विदेश जाने की कोशिश कर रहे तीन युवकों को कस्टम की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गये आरोपियों के नाम शेख फैज आलम, रुस्तम आलम और मोहम्मद वासिद अंसारी हैं. तीनों को कस्टम की टीम ने पकड़ा है. कस्टम सूत्र बताते हैं कि उन्हें गुप्त जानकारी मिली थी कि बड़े पैमाने पर विदेशी मुद्राओं के साथ कुछ युवक एयरपोर्ट आने वाले हैं. इसके बाद से एयरपोर्ट जानेवाले रास्तों पर निगरानी रखी जा रही थी. इसी बीच, कैखाली के पास एयरपोर्ट जाने के लिए एक टैक्सी में सवार हो रहे तीनों युवकों को रोक कर इनके पास मौजूद छह बैगों की तलाशी ली गयी. इस दौरान इनके कब्जे से 1.50 लाख अमेरिकी डॉलर और 1,810 थाई मुद्राएं जब्त की गयीं. इस राशि के बारे में तीनों में से कोई भी ठीक से नहीं बता पाया, जिसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया. गुरुवार को तीनों को बैंकशाल अदालत में पेश करने पर सरकारी वकील सुष्मिता चक्रवर्ती ने कहा कि गिरफ्तार तीनों आरोपी इस विदेशी मुद्रा के साथ बैंकॉक जा रहे थे. तीनों से पूछताछ की जरूरत है. इसके बाद अदालत ने तीनों को 11 सितंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया.