गागलहेड़ी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ के बाद तीन बदमाश दबोचे
एक बदमाश गोली लगने से घायल, फरार की तलाश जारी
सहारनपुर । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गागलहेड़ी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बीती रात्रि पुलिस मुठभेड़ के बाद चोरी के मुकदमे में वांछित तीन शातिर अंतर्राज्यीय बदमाशों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध हथियार, जिंदा व खोखा कारतूस, बिना नम्बर प्लेट की मोटरसाइकिल, छोटा हाथी गाड़ी तथा करीब 20 क्विंटल चोरी की लकड़ी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार थाना गागलहेड़ी पुलिस टीम देहरादून से यमुनागर जाने वाले एक्सप्रेस वे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ग्राम कोलकी मार्ग पर पुलिस ने बदमाशों को पॉपलर के पेड़ काटते देखा। पुलिस टीम को देखकर बदमाशों ने जान से मारने की नियत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दो अन्य को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। एक बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान घायल आकिल पुत्र आलिम निवासी अकबरपुर कालसो थाना भगवानपुर जिला हरिद्वार, बहजाद उर्फ बैजाद उर्फ आजाद पुत्र हनीफ निवासी सिकरौड़ा थाना भगवानपुर जिला हरिद्वार तथा नीरज सैनी पुत्र अमरनाथ सैनी निवासी कमालपुर थाना फतेहपुर जिला सहारनपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बदमाश थाना गागलहेड़ी में दर्ज मुकदमा संख्या 197/25 धारा 303(2) बी.एन.एस. में वांछित थे। इन अपराधियों के विरुद्ध सहारनपुर व हरिद्वार जिलों के विभिन्न थानों में हत्या, लूट, चोरी, डकैती, गैंगस्टर एक्ट समेत दर्जनों संगीन मुकदमे दर्ज हैं। अकेले आरोपी आकिल के विरुद्ध 19 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि आरोपी बहजाद पर 6 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने मौके से 1 तमंचा .315 बोर, 2 खोखा/2 जिंदा कारतूस, बिना नम्बर की मोटरसाइकिल, छोटा हाथी गाड़ी (UP 11 BT 8795) और करीब 20 क्विंटल चोरी की लकड़ी बरामद की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश में कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है। अन्य विधिक कार्रवाई प्रचलित है
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़