नई मंडी पुलिस ने तीन तस्कर दबोचे, 9 लाख की स्मैक बरामद
मुजफ्फरनगर । सहारनपुर परिक्षेत्र में पुलिस उपमहानिरीक्षक अभिषेक सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन सवेरा नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर अभियान के तहत जनपद मुजफ्फरनगर की नई मंडी पुलिस ने सोमवार को बड़ी कामयाबी हासिल की। पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए तीन शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 41.48 ग्राम नाजायज स्मैक बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब नौ लाख रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त एक स्पलेंडर मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ली है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए आरोपी लंबे समय से नशे के अवैध धंधे में सक्रिय थे और युवाओं को जाल में फंसाकर मादक पदार्थों की सप्लाई करते थे। आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा उनके अन्य साथियों और सप्लाई नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
डीआईजी अभिषेक सिंह ने बताया कि परिक्षेत्र के तीनों जिलों—सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली—में ऑपरेशन सवेरा के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है। नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है और किसी भी कीमत पर उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़