दुद्धी सोनभद्र। नगर में अवैध तरीके से संचालित निजी अस्पतालों और पैथोलॉजी लैब पर स्वास्थ्य विभाग की सख्ती लगातार जारी है। बीते शनिवार को नगर के निजी अस्पतालों पर की गई छापेमारी और शिवा हॉस्पिटल व कई प्राइवेट अस्पतालों की ओ.टी. सील होने के बाद गुरुवार को एक बार फिर कार्रवाई की गई।
एडिशनल सीएमओ गुलाब शंकर यादव के नेतृत्व में की गई इस जांच में सीएचसी रोड स्थित एक गुमटी पर चल रहे अवैध पैथोलॉजी सेंटर को सील कर नोटिस थमाया गया। वहीं, लाल पैथोलॉजी में जांच के दौरान डीएमएलटी की जगह एक इंटर पास युवक को खून की जांच करते हुए पाया गया। तत्काल प्रभाव से इस लैब को भी सील कर दिया गया।
कार्रवाई की भनक मिलते ही नगर में संचालित कई गैर पंजीकृत पैथोलॉजी संचालक शटर गिराकर भाग निकले। जांचकर्ताओं ने मौके पर भगदड़ जैसे हालात का भी जिक्र किया।
जांच दल ने अचानक एक निजी अस्पताल का भी निरीक्षण किया, जहां तीन मरीज सर्जरी के लिए भर्ती पाए गए। इनमें एक पुरुष हार्निया मरीज तथा दो महिला मरीज डिलेवरी केस के रूप में मिले। जांच के दौरान अस्पताल में न तो कोई चिकित्सक मौजूद था और न ही कोई सर्जन।
एडिशनल सीएमओ ने बताया कि जांच के क्रम में दो पैथोलॉजी सील की गईं और जिस अस्पताल में बिना डॉक्टर और सर्जन के मरीजों की सर्जरी चल रही थी, उसके संचालक के विरुद्ध विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि दुद्धी और आसपास अवैध तरीके से अस्पताल और पैथोलॉजी चलाने वालों को अब बख्शा नहीं जाएगा। बिना मान्यता और योग्य डॉक्टर स्टाफ के चिकित्सा कार्य करना गंभीर अपराध है और इसमें सीधे मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई होगी।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह