कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भदेवरा में गुरुवार की रात घर में घुसकर वृद्धा की सिलबट्टे से सिर कूंच कर हत्या कर दी गई । सुबह जब उसकी नातिन सोकर जागी तो दादी का शव रक्त रंजित हालत में पड़ा देखा उसकी चीख निकल गई। सूचना पर एसपी व सीओ कोतवाली पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। कोंच कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भदेवरा निवासी परमा देवी 75 पत्नी बाबू राम गुरुवार की रात नातिन पल्लवी के साथ घर के आंगन में सो रही थी। रात के समय अज्ञात हमलावर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और आंगन में रखे सिलबट्टे से परमा देवी पर हमला कर दिया,और उनका सिर बुरी तरह से कुचल कर हत्या कर दी। सुबह जब नातिन उठी तो उसने खून से लथपथ अपनी दादी को मृत अवस्था में देखा तो वह चीख पड़ी और शोर मचा दिया। शोर सुनकर परिजनों के अलावा आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी। खबर मिलते ही सीओ परमेश्वर प्रसाद कोतवाली पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने घटना की खबर उच्चाधिकारियों को दी। जानकारी पर एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और बारीकी से घटना का निरीक्षण किया। एसपी द्वारा हत्यारोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है और घटना के शीघ्र अनावरण के निर्देश दिए गये है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश