महराजगंज, 19 सितंबर 2025
परतावल–महराजगंज मार्ग पर एनएच-730 पर शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में तीन रोडवेज बसें आपस में टकरा गईं। यह हादसा अगया पुल के पास उस समय हुआ जब सड़क पर तेज बारिश हो रही थी।
दुर्घटना में 24 से अधिक यात्री घायल हो गए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बसें तय गति सीमा से अधिक तेज रफ्तार में थीं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यात्रियों द्वारा मना करने के बावजूद ड्राइवर ने गति कम नहीं की। हादसे के बाद हाईवे पर घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही।
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर यातायात बहाल किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
रवि प्रताप सिंह (ब्यूरो चीफ महराजगंज)